सिंथेटिक दूध पीने से मासूम बीमार, लोगों में आक्रोश
Kausambi News - कड़ा धाम के देवीगंज बाजार में सिंथेटिक दूध बड़े पैमाने पर बिक रहा है। सलीम खान के बेटे की तबियत खराब होने पर दूध की जांच की गई, जिससे दूध रबड़ बन गया। इससे लोगों में आक्रोश है और वे डीएम से शिकायत करने...

कड़ा धाम कोतवाली के देवीगंज बाजार में सिंथेटिक दूध बड़े पैमाने पर बेचा जा रहा है। एक निजी कंपनी के कर्मचारी के बेटे की तबियत खराब हुई तो दूध पर ही शक गया। जांच की गई तो वह रबड़ बन गया। इससे लोगों में आक्रोश है। बाजार के लोग डीएम से शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं। सीतापुर जिला निवासी सलीम खान पुत्र शरीफ खान एक निजी कंपनी के कर्मचारी हैं। वह देवीगंज बाजार में किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। सलीम खान के बेटे की कई दिन से तबियत खराब थी। वह इसको लेकर परेशान थे। बेटे की तबियत क्यों खराब हो जाती थी, यह उनकी समझ में नहीं आ रहा था। मंगलवार को अचानक किसी ने सलाह दी कि वह अपना दूध एक बार चेक करें। यह हुआ कि दूध को कैसे चेक किया जाए। पहले दूध को खौलाया गया, इसके बाद उसमें ठंडा पानी डाला गया। पानी पड़ते ही पूरा दूध रबड़ हो गया। इसको देखते ही सलीम के होश उड़ गए। पूरा माजरा उनकी समझ में आ गया। फोन करके दूधिए को बुलाया गया। मोहल्ले के लोगों ने दूधिए को घेर लिया और पूछा की दूध कहां से लाता है। वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इससे लोगों में आक्रोश है।
क्या कर रही है खाद्य सुरक्षा टीम
देवीगंज बाजार में सिंथेटिक दूध बिक रहा है, यह तय हो चुका है। सलीम खान के घर में सिंथेटिक दूध ही सप्लाई हो रहा था।बेटे की तबियत खराब होने पर जानकारी हुई। इससे देवीगंज के अन्य लोगों के होश उड़े हैं। खाद्य सुरक्षा टीम को इसकी भनक कैसे नहीं लग सकी, इसको लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
आखिर कौन बना रहा है सिंथेटिक दूध
देवीगंज बाजार के घर-घर तक सिंथेटिक दूध पहुंचाने वाला कौन है। दूधिए को पकड़कर इसकी जानकारी करने की तमाम कोशिश की गई, लेकिन वह सही जानकारी नहीं दे सका। इससे साफ है कि कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है। दूधिया ही सही जानकारी देगा कि यह सिंथेटिक दूध उसको कैसे मिलता था और कौन देता था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।