लखनऊ में भाजपा नेता का पिस्टल से फोड़ा सिर, बचाव कर रहे बूथ अध्यक्ष को भी दौड़ा कर पीटा
- लखनऊ में हिस्ट्रीशीटर ने भाजपा नेता का पिस्टल के बट से सिर फोड़ दिया। इस बीच बचाव कर रहे बूथ अध्यक्ष को भी दौड़ा कर पीटा। तहसील में अफरातफरी मच गई। पुलिस मामला दर्ज कर लिया है।
लखनऊ में गोमतीनगर विस्तार सदर तहसील में हिस्ट्रीशीटर ने भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष पर हमला कर दिया। पिस्टल की बट मार कर भाजपा नेता का सिर फोड़ने के बाद बीच बचाव कर रहे बूथ अध्यक्ष को भी दौड़ा कर पीटा। तहसील परिसर में हुई वारदात से भगदड़ की स्थिति बन गई। जिसका फायदा उठा कर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने भाजपा नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
चिनहट गणेशपुर निवासी विपिन कनौजिया किसान मोर्चा में मंडल अध्यक्ष है। वह बूथ अध्यक्ष रोहित के साथ सदर तहसील गए थे। सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर पंकज वर्मा कई साथियों के साथ आ धमका। आरोपित ने विपिन को ललकारते हुए हमला बोल दिया। पंकज के साथ सादिक अली, दीपक यादव, राजू जायसवाल, मनोज व कुछ अन्य लोग थे। तहसील परिसर में विपिन को दबंगों ने दौड़ा कर पीटा। पिस्टल की बट मार कर हिस्ट्रीशीटर ने भाजपा नेता का सिर फोड़ दिया। खून से लथपथ विपिन को बचाने के लिए बूथ अध्यक्ष रोहित ने शोर मचाया। आरोपितों ने रोहित की पिटाई कर दी। तहसील परिसर में हुए विवाद से भगदड़ की स्थिति बन गई। इस बीच कुछ लोगों ने गोमतीनगर विस्तार पुलिस को सूचना दी।
जमीन कब्जा करने का किया था विरोध
विपिन के मुताबिक बूथ अध्यक्ष रोहित के चाचा संतोष की देवा रोड पर जमीन है। जिसे पंकज वर्मा कब्जा करना चाहता है। वह पहले भी कई बार प्रयास कर चुका है। पर, रोहित और विपिन के विरोध के कारण सफल नहीं हो सका। इसका बदला लेने के लिए ही पंकज ने हमला किया है।
एक करोड़ कर की रंगदारी मांगने का आरोप
भाजपा नेता के मुताबिक सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर पंकज वर्मा विकासनगर में ठिकाना बनाए है। जमीन की खरीद-फरोख्त में भी लिप्त है। भाजपा नेता विपिन के मुताबिक पंकज ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। जिसके नहीं मिलने पर गम्भीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहा है।