कांग्रेस का ईडी को धमकाना निंदनीय: भूपेंद्र
Lucknow News - भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब आरोपी धरने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी को कानून का सामना करना चाहिए और...

-नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया लखनऊ, विशेष संवाददाता।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि देश में यह पहला प्रकरण होगा कि जमीन और फंड लूटने के आरोपी धरने की धमकी दे रहे हैं। कांग्रेस की विडंबना है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर होनी वाली कानूनी कार्रवाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ईडी को धमकाना निदंनीय है और विधिक प्रक्रिया का उल्लंघन है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित पूरी कांग्रेस पार्टी को जवाब देना होगा कि क्या देश में कानून को अपना काम नहीं करना चाहिए। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड की पूरी सम्पत्ति को गांधी परिवार को देने के लिए बड़ा कॉर्पोरेट षडयंत्र किया। उन्होंने कहा कि अब 21 तारीख को सुनवाई होगी। यही कारण है दबाव बनाने का। सोनिया गांधी और राहुल गांधी वेल पर हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। कानून अपना काम कर रहा है और कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करना चाहती है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने कहा था कि जिस तरह से नेशनल हेराल्ड के लिए पैसा लिया जा रहा है, यह सही नहीं है। उस समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रभानु गुप्त ने भी इस अखबार के लिए बहुत धन एकत्र किया था। देश की आवाज बनने की बात करने वाला अखबार नेहरू परिवार की आवाज बना दिया गया। देश यह जानना चाहता है कि गैरकानूनी तरीके से षडयंत्र रच कर कांग्रेस द्वारा हजारों करोड़ की सम्पत्तियों पर कब्जा करने के बाद भी क्या कानून को चुप रहना चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।