भाजपा दलित अधिकारों के लिए हमेशा रही मुखर - भूपेंद्र चौधरी
Lucknow News - लखनऊ, विशेष संवाददाता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि

लखनऊ, विशेष संवाददाता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा हमेशा ही दलित अधिकारों के लिए मुखर रही है। भारतीय संविधान के तहत लोकतंत्र का हमेशा सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोक कल्याण, लोक प्रशासन, लोक शासन और लोक समन्वय की दृष्टि से जाति भावना से परे रहकर समाज में व्याप्त असमानता को दूर किया है। डॉ. अंबेडकर कहते थे कि समाज सेवा राजनीतिक सेवा से ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि समाज सेवा से ही व्यक्ति का चरित्र बनता है। भाजपा ने हमेशा माना कि गरीबी एक सामाजिक बुराई है इसलिए राजनितिक शक्ति ऐसे लोगों के हाथों में होनी चाहिए जो सामाजिक आदर्शों को एक सरोकार के तौर पर लेकर आगे चलें।
कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर को धोखा दिया - ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज देश के अंदर समानता के अधिकार के साथ सबको वोट देने का अधिकार बाबा साहब की देन है। आजादी के बाद बाबा साहब ने वंचितों-पीड़ितों के लिए संविधान में अधिकार दिया। देश की आजादी के बाद पहले चुनाव में ही कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को धोखा दिया। उन्हें चुनाव में हराने के लिए षड्यंत्र किए। उन्हें हराने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया। डॉ. अंबेडकर ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि मेरे अनुयायियों, मेरे समर्थकों, हिंदुस्तान के लोगों कांग्रेस पार्टी धोखेबाज पार्टी है। इसका सदस्य मत बनिएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के विचारों को वास्तव में धरातल पर उतार कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि दी है। हर गरीब को पक्का मकान मिल रहा है। कौन सोचता था गरीब को पक्का मकान मिलेगा?
विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए फैला रहा भ्रम - धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की जयंती को भाजपा अंबेडकर सम्मान अभियान के तौर पर मना रही है। पूर्व संध्या पर प्रदेश में लगभग 7 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं पर स्वच्छता कार्यक्रम किए गए। सभी स्थानों पर रात में दीपोत्सव मनाया गया। अंबेडकर जयंती पर सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा। संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा। जिन बूथों पर प्रतिमाएं नहीं हैं, वहां चित्र पर पुष्पार्चन किया जाएगा। विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए षड्यंत्र कर रहा है। भ्रम फैला रहा है। विपक्ष के पास ऐसा कोई मुद्दा, नीति या उनके शासन काल के ऐसे कोई काम नहीं हैं, जिनके आधार पर वह जनता के बीच पहुंच सके। संगोष्ठियों और जनसंपर्क के माध्यम से हम सभी उनके हर षड्यंत्र को विफल करेंगे।
सामाजिक समरसता के कार्यक्रमों को रखेंगे जनता के बीच - असीम अरुण
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि दलितों का हित भाजपा में ही सुरक्षित है। वह उनके लिए प्रतिबद्ध है। 15 से 25 अप्रैल तक होने वाली गोष्ठियों में हम सभी पूरी तैयारी के साथ पहुंचेंगे। पूरी मजबूती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान और दलितों के सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक उत्थान के साथ ही सामाजिक समरसता के लिए किए गए कामों को जनता के बीच रखेंगे।
सिर्फ याद नहीं करना, विचारों पर विमर्श भी करना है - लाल सिंह आर्य
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि हमें डॉ. अंबेडकर को सिर्फ याद ही नहीं करना है बल्कि उनके विचारों पर विमर्श भी करना है। वह भारत की एकता, अखंडता, स्थायित्व, समरसता और सामाजिक न्याय के प्रणेता है। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब की स्मृतियों को समाप्त करने का काम किया है। उन्हें कांग्रेस के विरोध की वजह से ही संविधान सभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस ने डॉ.अंबेडकर की अंत्येष्टि दिल्ली में नहीं करने दी और न ही स्मारक बनने दिया। कांग्रेस का चरित्र शुरू से ही दलित विरोधी रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।