सभी पार्कों में ओपन जिम, पांच कम्युनिटी सेंटर बनेंगे: राजनाथ सिंह
Lucknow News - रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्दजनों से संवाद किया और क्षेत्र की जरूरतें जानीं। उन्होंने लखनऊ को विश्वस्तरीय बनाने का वादा किया और कई विकास कार्यों की जानकारी दी।...

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को उत्तर तथा पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्दजनों से संवाद किया। क्षेत्र की जरूरतें जानीं और लोगों के सुझाव लिए। वादा किया कि लखनऊ को विश्वस्तरीय शहर बनाएंगे। इसमें लखनऊ के लोगों का सहयोग अपेक्षित है। रक्षामंत्री ने अलीगंज सेक्टर सी पार्क में पद्मविभूषण विंदेश्वर पाठक की प्रतिमा का अनावरण किया। महापौर सुषमा खर्कवाल से उनके आवास पर हाल जाना। शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान गिरने के कारण पैर फ्रैक्चर हो गया था। देर शाम पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया के शृंगार नगर स्थित आवास तथा अशोक तिवारी के आवास पर उनकी माता को श्रद्धांजलि अर्पित की। महर्षि विश्वविद्यालय सभागार में उत्तर क्षेत्र के संवाद में केशव नगर में सड़क निर्माण की मांग पर रक्षामंत्री ने विधायक डॉ. नीरज बोरा को सड़क बनवाने का निर्देश दिया। क्षेत्र में एक राजकीय डिग्री कॉलेज की मांग भी उठी। राजनाथ सिंह ने कहा कि डॉ. नीरज बोरा जब मिलते हैं तो क्षेत्र की समस्या लेकर ही मिलते हैं। मैं इन्हें देखकर समझ जाता हूं कि समस्या आ रही है। उनका समाधान भी होता है।
डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज के चार वार्डों के अधिकतर क्षेत्रों में आज करीब 70 प्रतिशत सड़कें पक्की हो गई हैं। बांस बल्ली हटाकर खम्भे और एबीसी वायर लगे हैं। दाऊदनगर में बिजली उपकेंद्र बना, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुला। पचास बेड का अस्पताल निर्माणाधीन है। नौ किमी लम्बा पक्का गहरा नाला बन रहा है। हार्डिंग ब्रिज के बगल में नया पुल, फैजुल्लागंज को पुराने लखनऊ से जोड़ने वाले पैंटून के स्थान पर पक्का पुल बनाने का काम शुरू हो रहा है। ग्रीन कारीडोर बन रहा है। दाऊदनगर में कल्याण मण्डप बन रहा है। जानकीपुरम के सेक्टर एफ मे सिनीयर सिटीजन डे केयर तथा जानकीपुरम विस्तार में बड़ा पुस्तकालय बन रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज पर ओवरब्रिज, सहारा स्टेट हेतु अण्डरपास का प्रावधान हम लोगों के लिए बड़ी सौगात है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले फैजुल्लागंज संक्रामक बीमारियों की चपेट में रहता था। प्रदेश सरकार ने संचारी रोग अभियान की शुरुआत लखनऊ उत्तर क्षेत्र से की और आज यह कह सकते हैं कि संचारी रोगों को कम करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के प्रयास से लखनऊ में आज वह सारी सुविधायें मुहैया हो रही हैं, जो दुनिया के बड़े शहरों में होती हैं। इसके बाद रक्षामंत्री ने सेक्टर सी अलीगंज पार्क में पद्मविभूषण स्व. विन्देश्वर पाठक की मूर्ति का अनावरण किया तथा उनके द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान व शुलभ शौचालयों के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
गोमती नगर एशिया का सबसे खूबसूरत स्टेशन होगा
लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के इंदिरानगर सेक्टर-सी स्थित इरम स्कूल में वरिष्ठ कार्यकर्ता और प्रबुद्ध जन संवाद रक्षामंत्री ने समस्याएं सुनीं और सुझाव भी जाने और शीघ्र निराकरण का भरोसा दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि जब भी मैं अपने संसदीय क्षेत्र में आता हूं मेरी कोशिश होती है कि ज्यादा से ज्यादा अपने कार्यकर्ताओं से मिल सकूं। शायद आप लोगों को मैं उतना समय नहीं दे पाता मुझे देना चाहिए। रक्षा मंत्रालय के कार्य, कैबिनेट बैठक और सदन में व्यस्तता और अन्य राज्यों व विदेश दौरों के कारण ऐसा होता है। जब भी मैं दिल्ली रहता हूं तो वहां लखनऊ से पहुंचने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता से अवश्य मिलता हूं। आज रिंग रोड से प्रतिदिन दो लाख वाहन गुजते हैं। उसके आसपास के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हुआ है। गोमती नगर रेलवे स्टेशन एशिया का सबसे खूबसूरत स्टेशन बनकर तैयार होगा। वहां अभी काम अभी निरंतर चल रहा है।
पांचों विधानसभा क्षेत्रों में लाइब्रेरी का निर्माण होगा
प्रबुद्ध जन संवाद में आने वाले लोगों ने भी रक्षा मंत्री के सामने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। रक्षामंत्री ने कहा कि लखनऊ के सभी पार्कों में ओपन जिम लगाए जाएंगे। लखनऊ की पांचो विधानसभा में पांच कम्युनिटी सेंटर, 5 लाइब्रेरी, ओल्ड एज केयर सेंटर का निर्माण भी प्राथमिकता पर है। कम्युनिटी सेंटर में बाराती घर आई दूल्हे दुल्हन के रहने की उचित व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि 6 से 8 महीने में लखनऊ से कानपुर का सफर 40 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ में विकास के कार्य जो सोचा भी नहीं था उससे भी हजार और लाख गुना अधिक कार्य हुए हैं। लेकिन उसके बावजूद भी रक्षा मंत्री जी निरंतर यह पूछते रहते हैं और क्या काम होना है। अटल जी ने जो सोचा था उसको धरातल पर उतारने का काम रक्षा मंत्री जी कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, विधायक ओपी श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी डॉ राघवेन्द्र शुक्ल, महामंत्री पुष्कर शुक्ला, त्रिलोक सिंह अधिकारी, मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, घनश्याम अग्रवाल, शैलेन्द्र शर्मा अटल आदि मौजूद थे।
विधायक ने उठाई तीन बड़ी समस्याएं
प्रबुद्धजन संवाद से पहले विधायक ओपी श्रीवास्तव ने रक्षा मंत्री को पूर्वी विधाानसभा क्षेत्र की तीन प्रमुख समस्याएं बताई। मुंशीपुलिया-खुर्रमनगर पुल के निर्माण के दौरान जलापूर्ति और सीवर लाइन एनएचआई की एजेंसी ने ध्वस्त कर दिया है। इंदिरा नगर, डी-ब्लॉक, सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-19, सेक्टर-25 व मुंशीपुलिया चैराहा के आस-पास आवासित घनी बस्तियों के लोग परेसान हैं। इसका हल जरूरी है।
विकास नगर सेक्टर 5 व 6 के मुख्य मार्ग पर फटी सीवर लाइन की मरम्मत कर दी गई लेकिन रिसाव अभी भी जारी है। दो किमी लंबी सड़क कई बार धंस चुकी है। इसका स्थायी समाधान जरूरी है। पॉलीटेक्निक चौराहे से अयोध्या रोड जाने के लिए सुरेंद्र नगर से कमता पुलिस चौकी तक ओवरब्रिज बनाया जाना जरूरी है। इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड में कुकरैल नदी के किनारे छठ पूजा के लिए पक्के घाट का निर्माण कराया जाना भी बहुत आवश्यक है। वरिष्ठ नागरिक राम नगीना सिंह, श्याम सुंदर अग्निहोत्री, अजय कुमार, सिंधी समाज के हंसराज राजपालने भी रक्षा मंत्री के समक्ष सुझाव रखे।
रक्षामंत्री ने कैंट के 17 परिवारों को सौंपी घर की चाबी
लखनऊ। रक्षामंत्री ने राजनाथ सिंह ने छावनी क्षेत्र के 17 विस्थापित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए फ्लैट्स की चाबी सौंपी। इसका निर्माण एलडीए ने किया था। यह परिवार 70 वर्ष से छावनी क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से रह रहे थे। रक्षा भूमि पर रह रहे परिवारों को मकान खाली करने का नोटिस दिया गया था। जिसकी चलते परिवारों के आवासविहीन होने का खतरा मंडरा रहा था। जानकारी में आने के बाद रक्षामंत्री ने इनके पुनर्वास के लिए निर्देश दिए थे। छावनी परिषद ने प्रस्ताव पारित कर एलडीए से फ्लैट्स बनाने का अनुरोध किया था। इस दौरान कैंट बोर्ड के सीईओ अभिषेक राठौर, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार आदि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।