नेपाल में भारत भेजे जा रहे मुर्गी के चूजों की खेप पकड़ी गई
Maharajganj News - नेपाल प्रहरी ने तस्करी करके भारत भेजे जा रहे लगभग छह हजार मुर्गी के चूजों को बरामद किया है। ये चूजे महेशपुर पशु क्वारंटाइन चेक पोस्ट में नष्ट कर दिए गए। दोनों देशों के बीच चूजे के व्यापार पर प्रतिबंध...

ठूठीबारी, हिन्दुस्तान संवाद। नेपाल से तस्करी कर भारत भेजे रहे करीब छह हजार मुर्गी के चूजों को नेपाल प्रहरी के जवानों ने बरामद किया है। इसे महेशपुर पशु क्वारंटाइन चेक पोस्ट में नष्ट कर दिया गया है। इसकी पुष्टि क्वारंटाइन अधिकृत डॉ. मनोज अधिकारी ने की है। जिला प्रहरी कार्यालय नवल परासी के सूचना अधिकारी डीएसपी वीर दत्त पंथ ने बताया कि नवल परासी के सीमावर्ती क्षेत्र पाल्ही नंदन गांव पालिका पांच गेरमी के चिमन टोलवा नाका से भारत की तरफ करीब पांच हजार चार सौ मुर्गी के चूजे बांस की बल्लियों में लादकर ले जाने की कोशिश हो रही थी। इस दौरान प्रहरी टीम के जवानों ने करीब 90 कार्टून में बरामद किया है। तस्कर भागने में सफल हो गए। उन्होंने बताया कि अब तक के रिकॉर्ड के अनुसार यह पहली बार है कि नेपाल से भारत तस्करी कर भेजा जा रहा चूजा बरामद हुआ है।
दोनों देशों में प्रतिबंधित है व्यापार
महेशपुर भंसार कार्यालय प्रमुख विकास ने बताया कि वर्तमान समय में दोनो देशों में चूजे के व्यापार पर प्रतिबंध है। पिछले साल तक नवल परासी के महेशपुर स्थित क्वारंटाइन में करीब 12 लाख मुर्गी के चूजे को नष्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों के अनुसार वर्तमान समय में भारत में चूजे महंगे दामों में बिक रहे हैं, जिससे नेपाल से तस्करी कर भारत में चूजों को भेजा जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।