पति को छोड़ प्रेमी के साथ नई दुनिया बसाने निकली महिला
Mainpuri News - भोगांव। अलीगढ़ निवासी महिला अपने पति को धोखा देकर भोगांव के छाछा निवासी अपने प्रेमी के साथ अपनी नई दुनिया बसाने निकल पड़ी।

अलीगढ़ निवासी महिला अपने पति को धोखा देकर भोगांव के छाछा निवासी अपने प्रेमी के साथ अपनी नई दुनिया बसाने निकल पड़ी। पति को मामले की जानकारी हुई तो वह अपनी पत्नी को तलाशता हुआ भोगांव आ पहुंचा। पति ने आरोप लगाया कि पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। वह व उसका पुत्र अब भटक रहे हैं। उसने भोगांव पुलिस को शिकायत देकर पत्नी का पता लगाने की मांग की है। जनपद अलीगढ़ निवासी महिला की शादी अलीगढ़ के ही कस्बा जेवर निवासी युवक के साथ हुई थी। पति-पत्नी फरीदाबाद स्थित एक कंपनी में काम करते थे। दोनों अपनी जिंदगी में खुश थे और पत्नी ने इस बीच एक पुत्र को भी जन्म दिया। महिला के साथ भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम छाछा निवासी युवक भी काम करता था। किसी तरह इन दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। दोनों ने अपनी अलग दुनिया बसाने की ठान ली और चार दिन पहले महिला घर में रखी नकदी व सोने-चांदी के आभूषण लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। रविवार को थाने पहुंचे पति व महिला के माता-पिता ने पुलिस को महिला व प्रेमी की तलाश करने की गुहार लगाई है। पति के साथ उसका अबोध बालक भी मौजूद था। पुलिस ने तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।