बोले मैनपुरी: महमूदनगर में विकास की कब ली जाएगी सुध
Mainpuri News - मैनपुरी। महमूदनगर की बदहाली की कहानी बड़ी पुरानी है। अल्पसंख्यक इस इलाके में पालिका प्रशासन की सुविधाएं आम लोगों तक नहीं पहुंची हैं।
महमूदनगर की बदहाली की कहानी बड़ी पुरानी है। अल्पसंख्यक इस इलाके में पालिका प्रशासन की सुविधाएं आम लोगों तक नहीं पहुंची हैं। यही वजह है कि जगह-जगह गंदगी के ढेर अवरुद्ध जल निकासी ने यहां के लोगों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर कर रखा है। साल में कभी-कभी यहां सफाई होती है। जिससे यहां बीमारियां फैलती रहती हैं। पानी की समस्या का समाधान शिकायत के बाद भी नहीं हुआ। इस इलाके में पालिका की सप्लाई पूरी तरह से दम तोड़ चुकी है। स्वच्छता का दावा यहां कभी पूरा नहीं हुआ। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद में यहां के लोगों ने अपनी पीड़ा बताई। कहा, किसी भी अध्यक्ष ने महमूदनगर के विकास की ओर कभी ध्यान नहीं दिया। यही वजह है कि ये इलाका शहर में तो है लेकिन गांव से भी बदहाल हो चुका है।
नगर पालिका का महमूदनगर वार्ड लगातार बदहाल हो रहा है। इस इलाके में समस्याओं का अंबार है। लोग कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं। अधिकारियों, कर्मचारियों के पास ज्ञापन दिए गए। नेताओं से शिकायतें की गईं लेकिन इन शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। यहां की सबसे बड़ी समस्या गंदगी है। खाली प्लाट कूड़े के ढेर बन चुके हैं। गलियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही।
नगर पालिका क्षेत्र में महमूदनगर की हालत सबसे अधिक खराब है। यहां की निवासी तसलीमा, नदीम, रिजवान का कहना है कि सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मियों की फौज तो है लेकिन महमूदनगर वार्ड की सफाई नहीं होती। हर साल यहां गर्मियों में दिनों में बीमारियां फैलती हैं। अल्प संख्यक कल्याण के नाम पर जो भी सरकार की योजनाएं हैं उन योजनाओं का लाभ यहां तक नहीं पहुंच पाता। इस वार्ड में पानी का बहुत बड़ा संकट है। पालिका की सप्लाई दम तोड़ चुकी है। इंडिया मार्का हैंडपंप पानी नहीं दे रहे। जब भी बिजली संकट पैदा होता है तो यहां के लोगों के सामने बूंद-बूंद पानी का संकट भी पैदा हो जाता है। पालिका भी लोगों की प्यास बुझाने के लिए वाटर एटीएम खरीदे, लेकिन इस इलाके में इसकी व्यवस्था नहीं की गई। इस इलाके की प्रकाश व्यवस्था रामभरोसे है।
यहां स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। गलियों में अंधेरा छा जाता है। आपराधिक घटनाएं भी होती हैं। एक और समस्या यहां के लोगों को परेशान कर रही है। लोगों ने छोटी-छोटी गलियों में सीढ़ियां बनाकर, छज्जे बनाकर आवागमन को प्रभावित कर दिया है। अतिक्रमण यहां की बड़ी समस्या है। यहां लगाया गया सोलर सिस्टम खराब हो चुका है। जिससे सौर ऊर्जा की व्यवस्था भी दम तोड़ गई है। सोलर प्लांट लगा था तो इस इलाके में बिजली न होने पर रोशनी रहती थी। लेकिन प्लांट खत्म हो गया और लोगों के जीवन में भी अंधेरा हो गया।
बोले लोग
सभासद द्वारा पूरे वार्ड के अंदर 20 सड़कों का प्रस्ताव नगरपालिका को दिया था। जिसमें से एक भी सड़क बनाने के लिए मंजूरी नहीं दी गई है। जिससे लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
-शफी मंसूरी
महमूद नगर की कुल आबादी 15 हजार है। 5 हजार मतदाताओं ने विकास की उम्मीद के साथ मतदान किया था। मगर विकास कार्य तो हुआ मगर रफ्तार बहुत धीमी है। तीव्र गति से विकास कराया जाए।
हुसन बानो, सभासद
नगरपालिका ने गलियों व सड़कों पर ध्यान नहीं दिया तो सपा सांसद डिंपल यादव ने पांच सड़के बनाने पर स्वीकृति की है। जिससे वार्ड के कुछ लोगों का राहत मिली है। सरकार सड़क बनाने के लिए बजट जारी करे।
-यूसुफ
नगरपालिका द्वारा वार्ड के अंदर 40 बिजली पोल पर लगाए गए हैं, जिन पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं। जिसकी शिकायत भी की गई। अगर पोल पर स्ट्रीट लाइटें लग जाए तो रात में अंधेरे से निजात मिलेगी।
-मोहम्मद इशहाक अली
पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने के लिए मिनी ट्यूबवेल की मांग पालिका से की गई है लेकिन पालिका इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। अगर मिनी ट्यूबवेल की व्यवस्था हो जाए तो पेजयल व्यवस्था में सुधार आएगा।
-हसीना
लाखों रुपये की लागत से सोलर प्लांट की स्थापना की गई थी, जिससे लाइट जाने के बाद वार्ड जगमगाता था। पालिका की अनदेखी के चलते सोलर प्लेट गायब हो चुकी है व कंट्रोल रूम भी बदहाल हो चुका है।
-रियाजुद्दीन
पूरे वार्ड में 20 हैंडपंप ऐसे थे, जिससे लोगों का पानी मिल जाता था। अब वह खराब हो चुके हैं, जिससे गर्मी के मौसम में और भी परेशानी बढ़ गई है। हैंडपंपों को रीबोर कराकर चालू कराया जाए।
-खालिद अली
वार्ड के अंदर धारऊ तिराहा से गुलाब बाग मार्ग पर बसी हुई बस्ती में सफाई कर्मचारी नहीं जाते हैं। जिससे वहां गंदगी फैली रहती है। शिकायत के बाद भी सफाई नहीं कराई गई। बस्ती में नियमित सफाईकर्मी भेजा जाए।
-मीना
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।