भस्तिका, कपालभाति के साथ नियंत्रित आहार से लंबी होगी आयु
Mainpuri News - मैनपुरी। श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी के पंडाल में शनिवार की सुबह भी योगाभ्यास कराया गया।

श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी के पंडाल में शनिवार की सुबह भी योगाभ्यास कराया गया। पतंजलि योग पीठ हरिद्वार से आए योगाचार्य विपिन आर्य राज ने गायत्री मंत्र के साथ योगाभ्यास प्रारंभ किया। योगाचार्य ने बताया कि सबसे पहले ताड़ासन ध्रुवासन करने से शरीर में संतुलन और कार्य क्षमता में वृद्धि होती है। प्राणायाम में भस्तिका और कपालभाति 15-15 मिनट के साथ-साथ उपवास, उपासना और आहार पर नियंत्रण करते हैं तो 100 वर्ष तक हम स्वस्थ रह सकते हैं। मनुष्य को कम से कम एक से डेढ़ घंटा अपने-अपने समर्थ के अनुसार कुछ तेज गति से कुछ धीमी गति से योगाभ्यास जरूर करना चाहिए। योगाचार्य ने कहा कि पूरी दुनिया को एक दिन वेद के पद पर लौटना होगा, नहीं तो उसके जीवन से वेदना समाप्त नहीं होगी। वर्तमान समय में फास्टफूड खाना सभी बीमारियों का मुख्य जड़ है। योगाभ्यास में पहुंचे मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रेम सिंह शाक्य ने कहा कि बच्चों, युवाओं एवं वृद्ध जनों को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। प्रतिदिन डेढ़ घंटे योग, प्राणायाम, आसन, सूक्ष्म व्यायाम करने से स्वस्थ, दीर्घ आयु प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान सुभाष दुबे एवं प्रभात योगी ने भजन प्रस्तुत किया। डा. केशव सिंह यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।