काशी-अयोध्या की तर्ज पर ब्रज का होगा विकास
Mathura News - मथुरा में बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या की तर्ज पर विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा के विकास के लिए प्लान मांगा है। इस योजना के तहत ब्रज तीर्थ...

मथुरा। बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या की तर्ज पर अब योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला भूमि (ब्रज) का विकास होगा। मथुरा के विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्लान मांगा है। इसी प्लान के तहत विजन डाक्यूमेंट- 2047 तैयार करने के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते हैं मथुरा-वृंदावन के साथ सम्पूर्ण ब्रज का विकास तीर्थ स्थल के रूप में किया जाए। इस योजना पर तेजी से काम करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री की इच्छा प्रयागराज, अयोध्या, काशी की तर्ज पर ब्रज का विकास करने की है।
सभागार में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रस्तावित विभिन्न प्रोटेक्ट का प्रजेंटेशन किया गया। इसका केंद्र बिंदु वृंदावन में बांकेबिहारी कोरिडोर को मानते हुए विकास की योजनाओं पर गहन मंथन हुआ। वर्तमान में मौजूद प्रमुख मार्ग और उनसे जुड़ने वाले सम्पर्क मार्गों पर भी चर्चा की गई। मंथन में ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग भी शामिल रहा। सिंचाई विभाग द्वारा वृंदावन में बनने वाले रिवर फ्रंट और घाटों के विकास की योजना से अवगत कराया।
बैठक में शामिल हुए यमुना एक्सप्रेस वे ओद्योगिक विकास प्राधिकरण के एसीईओ नगेंद्र प्रताप ने पूर्व में बनाए जा चुके ब्रज डवलपमेंट 2041 के और विस्तार की आवश्यता बताई। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार और वृंदावन को अतिक्रमण मुक्त करने पर बल दिया। उन्होंने कहा जब तक परिक्रमा मार्ग से यमुना का जल नजर नहीं आ जाता है, उस स्थिति में बिहारी जी कॉरिडोर की सुंदरता श्रद्धालुओं के मन में कैसे प्रभाव डाल सकेगी। इस पर ठोस कार्य योजना के तहत काम होगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने जनपद के वर्तमान परिदृश्य को रखते हुए भविष्य की योजनाओं के लिए हो रहे काम से अवगत कराया।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, डीआईजी/एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण नगेंद्र प्रताप, नगर आयुक्त शशांक चौधरी, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद द्विवेदी, डीएफओ रजनीकांत मित्तल आदि विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।