शहर की सफाई के बाद नालों का हाल देखा नगर आयुक्त ने
Meerut News - मेरठ नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने शहर के नालों का निरीक्षण किया और अधिकांश पुलियों में चोक होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नाला सफाई की कार्ययोजना बनाने का आदेश दिया ताकि बरसात में जलभराव न हो। कई स्थानों...

मेरठ। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के बाद बुधवार को नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने शहर के नालों का हाल देखा। अधिकतर नालों की पुलिया जगह-जगह चोक मिली। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और कार्ययोजना बनाकर नाला सफाई का आदेश दिया। बुधवार को नगर आयुक्त ने आबू नाला-2 की स्थिति को लेकर महानगर की विभिन्न कालोनियों से गुजरने वाले भाग का निरीक्षण किया। सबसे पहले के-ब्लॉक पुलिया का निरीक्षण किया। इसके बाद रतनकुंज अपार्टमेन्ट, लोकप्रिय अस्पताल, वैशाली, विक्टोरिया पार्क, गांधी आश्रम बाल सुधार गृह, सूरजकुण्ड, हनुमानपुरी क्षेत्र की चार पुलियों व सुभाषनगर की पुलिया का निरीक्षण किया। अधिकांश स्थलों पर कूड़े के कारण पानी का प्रवाह धीमा था। इस पर नगर आयुक्त ने वरिष्ठ प्रभारी स्वास्थ्य, जोनल सेनेट्री अधिकारी, सूरजकुण्ड व सफाई निरीक्षक संजय, नीरज को निर्देशित किया कि वह सभी पुलियों के नीचे की सफाई सुनिश्चित करें। नगर आयुक्त ने कहा कि किसी भी हाल में बरसात में पुराने शहर में जलभराव न हो पाये।
विक्टोरिया पार्क व पुलिस लाइन के बीच निर्मित कराये जा रहे नाले के निरीक्षण में पुलिस लाइन की ओर मिट्टी के काफी बड़े-बड़े ढेर पाये गये। इस पर जेई प्रवीण कुमार को कड़ी चेतावनी दी गई। इसके बाद नगर आयुक्त ने गांधी आश्रम चौराहे पर निर्मित करायी जा रही पुलिया व वार्ड 67 शान्ता स्मारक स्कूल से लेकर गोल मन्दिर तक निरीक्षण किया गया। बीएसए ऑफिस जयदेवी नगर तक विभिन्न जगहों पर लगे ट्रांसफार्मरों के पास कूड़े के ढेर पाये जाने पर संबंधित सफाई एवं खाद्य निरीक्षक व सफाई नायक को कड़ी चेतावनी दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।