मैजिक के धक्के से फर्नीचर कारीगर की मौत
Mirzapur News - मिर्जापुर, संवाददाता। चुनार कोतवाली क्षेत्र के मझवां तरास गांव के पास शुक्रवार की रात
मिर्जापुर, संवाददाता। चुनार कोतवाली क्षेत्र के मझवां तरास गांव के पास शुक्रवार की रात मैजिक के धक्के से फर्नीचर कारीगर की मौत हो गई। वह वाराणसी से काम कर वापस अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के शिल्पी गांव निवासी 50 वर्षीय अशोक कुमार विश्वकर्मा फर्नीचर कारीगर थे। इसी से वह अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। शुक्रवार को काम के सिलसिले में वह वाराणसी गए थे। रात लगभग सात बजे वाराणसी से वापस अपने घर लौट रहे थे। बाइक लेकर जैसे ही चुनार कोतवाली क्षेत्र के मझवां तरास गांव के पास पहुंचे।
तभी विपरीत दिशा से आ रही मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दिया। मैजिक की चपेट में आने से बाइक सवार फर्नीचर कारीगर गंभीर रुप से जख्मी हो गए। घटना के बाद चालक मैजिक लेकर भाग निकला। मौके पर जुटे लोगों ने घायल को चुनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस की सूचना पर मृत अशोक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अशोक को दो पुत्र व दो पुत्री हैं। इस संबंध में चुनार कोतवाल रवींद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मैजिक के धक्के से अधेड़ की मौत हुई है। मृत अधेड़ के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।