मछली पकड़ते समय रामगंगा में डूबकर पीतल कारीगर की मौत
Moradabad News - मछली पकड़ने के दौरान रामगंगा नदी में पीतल कारीगर मोहम्मद कासिम डूब गया। करीब 12 घंटे की खोज के बाद उसका शव बरामद किया गया। कासिम 25 वर्ष का था और अविवाहित था। उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।...

मछली पकड़ने के दौरान चक्कर की मिलक के पास रामगंगा नदी में पीतल कारीगर डूब गया। सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस और पीएसी की फ्लड यूनिट से करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद कर लिया। युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक मदीना मस्जिद वाली गली निवासी मोहम्मद कासिम(25) पुत्र नजाकत पीतल ढलाई का काम करता था। बताया गया कि बुधवार रात करीब 11 बजे कासिम अपने कुछ साथियों के साथ घर से कुछ दूरी पर रामगंगा नदी में मछली पकड़ने गया था। दरअसल नदी में अचानक मछलियां ऊपर तक आ गई हैं। मछली पकड़ने के दौरान ही पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख साथ गए मोहल्ले के लोगों ने भागकर परिवार वालों को जानकारी दी। जिसके बाद करीब दो घंटे तक परिवार के लोग अपने स्तर से नदी में तलाश करते रहे। रात डेढ़ बजे सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी देर में ही एसएसआई हरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ रामगंगा नदी किनारे पहुंचे। पुलिस ने अपने स्तर से स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तलाश किया, लेकिन कासिम का पता नहीं चला। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। गुरुवार सुबह सात बजे से ही पुलिस ने पीएसी की फ्लड यूनिट की मदद से दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11:30 बजे जिस जगह कासिम डूबा था उससे कुछ दूरी पर नदी में शव बरामद कर लिया गया। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शाम के समय गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। जान गंवाने वाला कासिम अविवाहित था। वह तीन भाई और चार बहनों में सबसे बड़ा था। कासिम की मौत के बाद से मां बानो, भाई रिजवान व इमरान और बहनों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएचओ सिविल लाइंस मनीष सक्सेना ने बताया कि बुधवार रात मछली पकड़ने के दौरान एक युवक रामगंगा में डूग गया था। गुरुवार को शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।