पुलिस ने रामजीलाल सुमन का घर घेरा, सपा सांसद का हाउस अरेस्ट का आरोप, अलीगढ़ जाने का है प्लान
राणा सांगा पर बयान के बाद से विवादों में आए समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित घर को पुलिस ने घेर लिया है। सांसद अलीगढ़ में दलित युवकों से मिलने जाने वाले थे। सांसद ने पुलिस पर उनको हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया है।

समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित घर को पुलिस ने घेर लिया है। सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। अलीगढ़ में दबंगों की पिटाई और पुलिसिया कार्रवाई से पीड़ित दलित परिवारों से सुमन मिलने जाने वाले थे। पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ सांसद फिलहाल धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर सुरक्षा के नाम पर उन्हें नजरबंद किया गया है।
सांसद सुमन ने कहा कि लगातार दलितों पर अत्याचार हो रहा है। इनकी आवाज को अनसुना किया जा रहा है। लोगों के दुख में शरीक होने से रोका जा रहा है। सभी गतिविधियों पर विराम लगा दिया गया है। सुमन ने कहा कि पहले बुलंदशहर में दलित महिला के घर नहीं जाने दिया गया। उसे दबंगों ने रौंद दिया था। अब हमें अलीगढ़ नहीं जाने दिया जा रहा है। वहां तीन युवकों को बाबा साहेब आंबेडकर का वीडियो बनाने पर पीटा गया है।
तीनों युवकों को सरेआम नंगा करके पीटा गया। इसका वीडियो भी बनाया गया। सभी ने वह वीजियो देखा है। ताज्जुब तो यह है कि दलित युवकों को ही 151 में चालान कर बंद कर दिया गया। जिन लोगों ने इस तरह से नंगा कर बेरहमी से पिटाई की उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। सुमन ने कहा कि जब हम बुलंदशहर जा रहे थे। तब हम पर हमला हुआ था। यूपी के हालत बद से बदतर है। अब सब कुछ मुख्यमंत्री ऑफिस में बैठे लोगों के इशारे पर हो रहा है।
गौरतलब है कि राणा सांगा विवाद के बाद से करणी सेना लगातार रामजी लाल सुमन पर हमलावर है। पिछले दिनों बुलंदशहर जाते समय अलीगढ़ में ही सुमन के काफिले पर हमला किया गया था। इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए करणी सेना ने सुमन के बच निकलने पर अफसोस जताते हुए दोबारा हमले की चेतावनी दी है। यह भी कहा है कि जब तक तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं। सुमन पर हमले को लेकर ही गुरुवार को सपा ने पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन का आयोजन भी किया था।