बकरी चराने गए किशोर का शव यमुना में मिला, हत्या की आशंका
Prayagraj News - प्रयागराज के कंजासा गांव में यमुना में एक 13 वर्षीय लड़के का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। रोहित निषाद, जो बकरी चराने गया था, घर नहीं लौटा। शव मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस...

प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र के कंजासा गांव के समीप शुक्रवार की सुबह यमुना में किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। वहीं तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। कंजासा गांव निवासी सिपाही निषाद का पुत्र 13 वर्षीय रोहित निषाद गुरुवार की शाम बकरी चराने निकला था। वह घंटों बाद भी जब घर नहीं लौटा, तो परिजन व्याकुल हो गए। देर रात तक परिजन रोहित की तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह गांव के समीप यमुना में रोहित का शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। दहाड़े मारते हुए परिजन यमुना किनारे पहुंच गए। देखते ही देखते ग्रामीणों की भी भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। एसीपी कौंधियारा विवेक यादव ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।