सप्ताह का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार, पारा 38 डिग्री तक पहुंचा
Rampur News - सूरज की तीव्रता से तापमान में वृद्धि हुई है, शुक्रवार को 38 डिग्री सेल्सियस का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, मई-जून में तापमान 40 डिग्री से अधिक हो सकता है। गर्मी से बचने के लिए...

सूरज के तेवर तल्ख होने से आसमान से आग बरस रही है। शुक्रवार को इस सप्ताह का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप तो लोगों को परेशान ही कर रही है। गर्म हवा के थपेड़े भी झुलसा रहे हैं। अप्रैल माह में ही इस भीषण गर्मी से परेशान हो चुके लोग मई व जून माह के मौसम को लेकर और भी ज्यादा घबराए हुए हैं। शुक्रवार को जबरदस्त गर्मी थी। जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि बीते एक सप्ताह में सबसे अधिक था। अभी तक बीते एक सप्ताह में 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रहा था। मौसम विशेषज्ञ तापमान में अभी और बढ़ोतरी होने की आशंका जता रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह के अनुसार आगे और भी गर्मी बढ़ेगी। उन्होंने मई आते-आते अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक होने की संभावना जताई है। ऐसी स्थिति में गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। गर्म हवाओं का प्रकोप अधिक रहेगा।
--खानपान का रखें ध्यान
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. हरिओम ने बताया कि इस मौसम में दमा, खांसी, बदन दर्द, बुखार, भूख न लगना आदि समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए खानपान का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। ऐसे मौसम में पुराने जौ, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का आदि का आहार अच्छा रहेगा। शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें, यदि शारीरिक श्रम कर रहे हैं सामान्य पानी का सेवन हर आधा घंटा पर करते रहें।
--किसान इन बातों का रखें ध्यान
जिला कृषि अधिकारी डा. कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि गर्मी के दृष्टिगत गन्ने के खेतों में नमी बनाए रखें। नमी कम होने पर फसल में फफूंद रोग लग सकता है। इस समय गेहूं की कटाई खेतों में चल रही है। गेहूं कटाई के बाद पराली न जलाएं। इससे आग फैलते देर नहीं लगेगी।
इस सप्ताह के मौसम का हाल
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
18 38 24
17 37 21
16 34 23
15 36 23
14 36 22
13 33 21
नोट:-तापमान डिग्री सेल्सियस में है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।