Kurmoul Ward Faces Severe Neglect Residents Demand Basic Amenities शहरी तो हुए लेकिन नहीं बदली व्यवस्था, झेल रहे बदहाली, Santkabir-nagar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsKurmoul Ward Faces Severe Neglect Residents Demand Basic Amenities

शहरी तो हुए लेकिन नहीं बदली व्यवस्था, झेल रहे बदहाली

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा का वार्ड नम्बर

Newswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगरTue, 29 April 2025 12:13 PM
share Share
Follow Us on
शहरी तो हुए लेकिन नहीं बदली व्यवस्था, झेल रहे बदहाली

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा का वार्ड नम्बर आठ कुरमौल बदहाली का दंश झेल रहा है। शहर में शामिल होने के बावजूद सुविधाएं नहीं बढ़ीं। वार्ड की स्थिति गांव से भी बदहाल है। थोड़े बहुत विकास कार्य तो हुए हैं, लेकिन वे नाकाफी हैं। बिजली व्यवस्था भी बदहाल है। अभी भी ग्रामीण शेड्यूल के अनुसार बिजली मिल रही है। इससे लोग परेशान हैं। वार्ड में स्थित विद्यालय के बगल ही कूड़ा फेका जा रहा है, जिससे गन्दगी पसरी है। इसके अलावा जल निकासी की भी समस्या है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण परेशानी और अधिक बढ़ गई है।

हैंसर नगर पंचायत का वार्ड नंबर आठ कुरमौल गांव कभी कवियत्री अंबिका गुप्ता और पहलवान जोखई सिंह के नाम से प्रसिद्ध था। जहां अंबिका गुप्ता द्वारा अपने जीवन काल में सैकड़ों की संख्या में कविताएं लिखी गईं। यहां तक की रामचरितमानस के साथ-साथ तमाम रचनाओं को अपनी भाषा में सरल रूप में पिरोने का भी काम किया गया था। तो वहीं जोखई सिंह का कुश्ती के क्षेत्र में दिग्गज पहलवानों में नाम होता था। किसानों द्वारा प्रमुख रूप से गन्ना, शकरकन्दी और मिर्चे की खेती की जाती थी। परंतु अब सुविधाओं के अभाव में गेहूं और धान तक सिमट कर रह गया है। कुरमौल गांव के नगर पंचायत के दायरे में आने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि नगर पंचायत के साथ यहां का बेहतर विकास होगा। विकास के नाम पर गांव में सीसी रोड और नालियां तो बनी परंतु जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी। जल निकासी न होने के कारण नालियों में भारी जल जमाव है। आज भी पुरानी व्यवस्था के साथ ही लोग जीवन यापन कर रहे हैं। यहां के लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। शहरी क्षेत्र की तरह घर-घर नल से पानी आपूर्ति की व्यवस्था तो हो गई है। परंतु सप्लाई न होने के कारण मोहल्ले में शुद्ध पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। आज भी हैंडपंप का पानी पीने के लिए ग्रामीण मजबूर हैं। दूषित जल पीने के कारण लोगों में बीमारी का भी डर बना हुआ है। घनी आबादी के बीच ट्रांसफार्मर लगने के कारण नागरिकों पर खतरा मड़रा रहा है। बीते दो वर्ष पूर्व एकाएक ट्रांसफार्मर फट जाने के कारण लालचंद कनौजिया समेत लगभग आधा दर्जन लोग झुलस भी गए थे। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत की, परंतु आज भी ट्रांसफार्मर जहां था वहीं पर है। ट्रांसफार्मर के एक तरफ स्कूल है तो दूसरी तरफ घनी आबादी होने के कारण कभी भी कोई बड़ा खतरा हो सकता है। विद्यालय के सामने फेंके जा रहे कूड़े से उठ रही दुर्गंध लोगों के लिए बीमारियों को दावत दे रहा है। विद्यालय के बगल में गंदगी होने के कारण विद्यालय के बच्चों की बीमारी की आशंका सता रही है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं वार्ड में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। हालांकि सफाई कर्मी नियमित सफाई करने आते हैं। लेकिन कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था न होने के कारण परेशानी होती है।

मच्छरों का प्रकोप, जीना हुआ दुश्वार

हैंसर-धनघटा नगर पंचायत के कुरमौल मोहल्ले में जलजमाव के कारण गंदगी फैली हुई है। आस-पास झाड़ियां लगी हुई हैं। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। बजबजती नालियां मच्छरों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। छिड़काव एवं फागिंग की बेहद जरूरत है। मच्छरों के प्रकोप से हर कोई परेशान है। स्थानीय लोग नियमित छिड़काव की मांग कर रहे हैं।

वार्ड में पेयजल का संकट

कुरमौल वार्ड में पेयजल का संकट बना हुआ है। यहां पेयजल की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को प्रदूषित जल पीना मजबूरी बना हुआ है। लोग अपने नल का दूषित पानी पीकर प्यास बुझाने का काम कर रहे हैं। तमाम लोग पीने के लिए आरओ का पानी मंगा रहे हैं। पानी की टंकी बनी है, लेकिन अभी तक सप्लाई शुरू नहीं हुई है। जिम्मेदारों ने टोटी हर घर तो लगा दिया है, लेकिन सप्लाई नहीं शुरू कर सके हैं।

नहीं मिलती शहरी शेड्यूल के अनुसार बिजली

नगर पंचायत में शामिल होने के बाद सभी को उम्मीद थी कि बिजली व्यवस्था में सुधार हो जाएगा। लेकिन करीब ढाई वर्ष से अधिक का समय बीत गया अभी भी ग्रामीण शेड्यूल के अनुसार ही बिजली मिल रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली देने का निर्देश है लेकिन आज तक इसका अनुपालन नहीं हो सका।

वार्ड के कई मार्ग भी हैं बदहाल

वार्ड के कई मार्ग भी बदहाल है। हालांकि नगर पंचायत ने कुछ कार्य कराए हैं, लेकिन अभी भी काफी बाकी है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि वार्ड की हर गली को ठीक कर दिया जाए। इसके अलावा जल निकासी के लिए बड़े नाले का भी निर्माण कराया जाना जरूरी है। जिससे वार्ड के भीतर जल जमाव की स्थिति न बने।

ईओ उमेश कुमार पासी ने कहा कि नगर पंचायत का तेजी से विकास कराया जा रहा है। सभी वार्ड का प्रस्ताव तैयार कराया गया है। धन की उपलब्धता के अनुसार क्रम से कार्य हो रहे हैं। सर्वांगीण विकास ही पहली प्राथमिकता है। सभी सभासद से प्रस्ताव मांगे गए हैं। कुरमौल वार्ड में जो भी समस्याएं हैं उसे जल्द से जल्द दूर कराया जाएगा।

हैंसर बाजार धनघटा नगर पंचायत की चेयरमैन रिन्कू मणि ने कहा कि नगर पंचायत का विकास कराना पहली प्राथमिकता है। अभी नई नगर पंचायत है, इस कारण कार्य अधिक हैं। सर्वांगीण विकास के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। धन की उपलब्धता के अनुसार कार्य कराया जा रहा है। सभी वार्ड का विकास समान रूप से किया जा रहा है। जहां भी जो कमी रह गई है उसे जल्द से जल्द दूर कराया जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।