मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने वाले छह नामजद, 20 अज्ञात पर केस
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में सपाइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया। इस मामले में छह लोगों को नामजद और 15 से 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सपाइयों ने दलित विरोध का आरोप लगाते हुए...

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। सपाइयों ने प्रर्दशन के दौरान गुरुवार को कलक्ट्रेट के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया था। पुतला दहन के आरोप में सिद्धार्थनगर थाना पर छह को नामजद व 15 से बीस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। केस प्रभारी थानाध्यक्ष की तहरीर पर दर्ज हुआ है। प्रदेश सरकार पर दलित विरोध होने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को सपाइयों ने प्रदर्शन किया था। वह प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पर पहुंचे थे। सभा की और प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस दौरान सपाइयों ने वहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंक दिया।
पुलिस चौकस रही फिर भी उसे पुतला दहन होने तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। पुतला दहन को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह यादव की तहरीर पर सुनील यादव निवासी बगहिया थाना उस्का बाजार, रामसेवक लोधी निवासी परसा शाहआलम थाना सिद्धार्थनगर, चंद्रहांस निवासी सिंहेश्वरी पुरम थाना सिद्धार्थनगर, घनश्याम जायसवाल जिलाध्यक्ष व्यापार सभा बर्डपुर थाना मोहाना, धीरेंद्र यादव निवासी छितौनी थाना बांसी, पंडित राम स्वरूप पांडेय निवासी सिद्धार्थनगर को नामजद किया गया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात के खिलाफ धारा 287 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।