चार महीने नहीं चली शादी, बहू से मारपीट कर घर से निकाला, जान से मारने की दी धमकी
यूपी के मैनपुरी में कोतवाली क्षेत्र के नगला पजाबा में ससुरालीजनों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। घटना की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।

यूपी के मैनपुरी में कोतवाली क्षेत्र के नगला पजाबा में ससुरालीजनों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। घटना की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी गई तहरीर में विवाहिता के पिता ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के रूप में कार और एसी की मांग कर रहे हैं। इसी वर्ष सात फरवरी को विवाहिता की शादी हुई थी। 28 अप्रैल को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। चार महीने भी यह शादी नहीं चल पाई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम जगरूप जगरूपपुर निवासी सोबरन सिंह पुत्र गंगासहाय ने शिकायत की कि 7 फरवरी 2025 को उसने अपनी पुत्री नंदिनी की शादी रजत पुत्र आनंद कुमार निवासी नगला पजाबा के साथ की थी। शादी में 15 लाख रुपये खर्च किए गए। शादी के बाद पति रजत, ससुर आनंद, ननद सुंदरी, नंदिनी, सास गीता देवी निवासीगण नगला पजाबा पुत्री से कार और एसी की मांग करने लगे। मांग पूरी न हुई तो उसकी पुत्री को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया।
28 अप्रैल को उसकी पुत्री के साथ मारपीट की गई जिससे वह घायल हो गई। पुत्री को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस की मदद से पीड़ित अपनी पुत्री को अपने घर ले आया। ससुरालीजन पुत्री को घर में रखने के लिए तैयार नहीं है। इस घटना में ननद मोना पत्नी आनंद भी ससुरालीजनों का सहयोग कर रही है। कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।