बेटे-बहू की लड़ाई थमी तो सो गए घरवाले, रात में जानें क्या हुआ? सुबह फंदे से लटकते मिले दोनों के शव
- लखीमपुर खीरी में एक दंपती के शव फंदे से लटकते देख घरवालों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता ने पुलिस को बताया कि रविवार रात को उसके बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था।

यूपी के लखीमपुर खीरी से दिल दुखाने वाली एक खबर आई है। यहां रात में एक पति-पत्नी के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ। कुछ देर लड़ने के बाद झगड़ा शांत हो गया। इसके बाद सब कुछ सामान्य मान घरवाले सो गए। लेकिन रात में जानें क्या हुआ? सुबह घरवाले जागे तो कमरे में दोनों के शव फंदे से लटक रहे थे। 35 साल के मनोज और 32 साल की तारा की मौत ने परिवारवालों के साथ-साथ मोहल्लेवालों को भी झकझोर कर रख दिया है।
घटना, लखीमपुर खीरी के फरधान थाना क्षेत्र के ससिया कॉलोनी नकहा पिपरी की है। पति-पत्नी के शव फंदे से लटकते देख घरवालों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता ने पुलिस को बताया कि रविवार रात को उसके बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने दोनों के फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका जताई।
घटना की सूचना देने के लिए मनोज के पिता विजयपाल ने पुलिस को फोन किया था। उन्होंने बताया कि रविवार की रात मनोज और तारा के बीच विवाद हुआ था। कुछ देर बाद उनका विवाद शांत हो गया। इसके बाद घर के सभी लोग सो गए। देर रात दोनों ने घर में ही छप्पर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रात में किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब घर के लोग सो कर उठे तो दोनों के शव छप्पर में रस्सी के सहारे लटकते हुए मिले। शव देखकर घर वाले अवाक रह गए। आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घरवालों का कहना है कि दोनों ने आत्महत्या की है। शाम को मनोज शराब पीकर आया था। पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उधर, गांव के कुछ लोग घटना को संदिग्ध बता रहे हैं। उनका कहना है कि मनोज का जमीन को लेकर अपने एक रिश्तेदार से झगड़ा था। कई बार मारपीट भी हो चुकी थी।