ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद देहरादून में शौर्य तिरंगा रैली, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कही बड़ी बात
सीएम धामी का कहना था कि पाकिस्तान की ओर से अगर दोबारा आंतकवादी गतिविधियां की जाएंगी तो भारत दोबारा से करारा प्रहार करेगा।

Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद देहरादून में शौर्य तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने प्रतेक भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। हम भारतीय सेना के शौर्य साहस को सलाम करते हैं। साथ ही देश के यशस्वी प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद देता हूं।
सीएम धामी ने कहा कि आतंकवाद को करारा जवाब देना होगा। कहना था कि भारत का आंतकियों के खिलाफ आक्रमक रुख जारी रहेगा। बताया ऑपरेशन सिंदूर को कुछ दिनों के लिए स्थगित किया गया है लेकिन ऑपरेशन खत्म नहीं हुआ है। सीएम धामी का कहना था कि पाकिस्तान की ओर से अगर दोबारा आंतकवादी गतिविधियां की जाएंगी तो भारत दोबारा से करारा प्रहार करेगा।
देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित शौर्य तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए। तिरंगा यात्रा में छात्र, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिकों सहित हर वर्ग के लोग शामिल रहे। गांधी पार्क में देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए।
पूरा परिसर भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है, जहाँ का लगभग हर परिवार देशसेवा से जुड़ा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे सेना और सुरक्षा बलों के अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें।
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में ‘तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा’ को प्रत्येक वर्ष मनाए जाने का आह्वान किया। कहा कि हर हिंदुस्तानी को भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना पर गर्व है।
रैली के दौरान लोगों में भारी जोश भी देखने को मिला। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, विधायक, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, शासन, जिला प्रशासन, नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।