शहर के प्लास्टिक कचरे से बनेंगी गांव की सड़कें
हल्द्वानी में नगर निगम ने प्लास्टिक कचरे के समाधान के लिए पीएमजीएसवाई से अनुबंध किया है। हर दिन 40 मिट्रिक टन प्लास्टिक कचरा अलग कर ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। यह सड़कें...

हल्द्वानी। शहर में पर्यावरण के साथ लोगों के लिए परेशानी का कारण बना प्लास्टिक कचरा जल्द कम हो जाएगा। इस कचरे से अब ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें बनाई जाएंगी। इसके लिए नगर निगम ने पीएमजीएसवाई से अनुबंध किया है। अब निगम हर दिन जमा होने वाले प्लास्टिक कचरे को अलग कर विभाग को सौंपेगा। इसकी मदद से एग्रीगेट मिश्रण तैयार कर गांव की सड़कें बनाई जाएगी। हल्द्वानी नगर निगम के साथ नजदीकी निकायों का कचरा हर दिन गौलापार ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचता है। इसमें औसतन 40 प्रतिशत प्लास्टिक कचरा शामिल होता है। इसका समाधान न होने से इसमें आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं।
जिससे इसके नजदीक रहने वाले लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ता है। अब इसके समाधान के लिए कवायद शुरू कर दी है। हर दिन जमा होने वाले 40 मिट्रिक टन प्लास्टिक कचरे को निगम अब प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) को सौंपेगा। इसकी मदद से एग्रीगेट मिश्रण तैयार कर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जाएगा। जिससे एक ओर प्लास्टिक कचरे का समाधान होगा तो वहीं बेहतर गुणवत्ता की सड़कें बनने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जलरोधी होने से बेहतर होगी गांव की सड़कें ग्रामीण क्षेत्र में बनी सड़कों को सबसे अधिक नुकसान बरसात के मौसम में होता है। इस दौरान सड़कों में पानी जमा होने से इनकी स्थिति बदहाल हो जाती है। वहीं प्लास्टिक कचरे से बनने वाली सड़कें जलरोधी होने से यहां बनने वाले गड्ढ़ों से लोगों को राहत मिलेगी। ऐसे बनता है प्लास्टिक एग्रीगेट मिश्रण प्लास्टिक एग्रीगेट मिश्रण एक निर्माण सामग्री है, जिसमें प्लास्टिक को छोटे टुकडों मे काट कर एग्रीगेट (छोटे खनिजों, जैसे रेत और पत्थर) के साथ मिलाया जाता है। इसे सड़क निर्माण, कंक्रीट उत्पादन और अन्य निर्माण परियोजनाओं में इस्तेमाल किया जाता है। कोट - प्लास्टिक कचरे के समाधान के लिए पीएमजीएसवाई को इसे सौंपा जाएगा। जिससे कचरे का प्रबंधन होने के साथ ही बेहतर सड़क बनेगी। - डॉ. मनोज कांडपाल, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।