बोले हरिद्वार @100 दिन : आप बोले तो हुकूमत ने सुना
हिन्दुस्तान के ‘बोले हरिद्वार अभियान’ का उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रशासन तक पहुँचाना है। 100 दिनों में इस अभियान ने कई समस्याओं का समाधान किया है, जैसे सराय बाईपास रोड का पुनर्निर्माण, सीवर...
आपके अपने अखकार ‘हिन्दुस्तान के ‘बोले हरिद्वार अभियान शुरू करने का उद्देश्य आम लोगों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और समस्याओं का समाधान करवाना था। हरिद्वार में 100 दिन बाद यह प्रयास एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इन दिनों में हिन्दुस्तान अखबार ने हर उस हर समस्या को प्रमुखता से उठाया जो आम जनजीवन को प्रभावित कर रही थी। हरिद्वार की जनता ने ‘बोले हरिद्वार अभियान के 100 दिन पूरे होने पर हिन्दुस्तान अखबार की टीम को शुभकामनाएं दीं और समस्याएं हल कराने पर आभार जताया। सचिन कुमार की रिपोर्ट...
हिन्दुस्तान के बोले हरिद्वार शृंखला के 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इन 100 दिनों में हिन्दुस्तान में प्रकाशित समस्याओं पर नगर निगम, जल संस्थान, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता दिखाई और कार्रवाई भी की। नतीजा यह रहा कि सराय बाईपास रोड का वर्षों से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य पूरा हुआ। पुराने औद्योगिक क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के बाद टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत की गई और निशुल्क सीवर कनेक्शन की प्रक्रिया भी तेज हुई। खड़खड़ी शमशान घाट पर दो माह से पानी की अनुपलब्धता की समस्या का समाधान कर सिंचाई विभाग ने घाट पर गंगा की धारा को छोड़ा। इसी तरह हरिद्वार के अपर बाजार में हरकी पौड़ी तक जीरो जोन में बैटरी रिक्शा के अव्यवस्थित संचालन पर रोक लगाई गई। जिससे वहां के व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिली।
वहीं हाल ही में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के जारी करने में हो रही देरी को लेकर भी खबर प्रकाशित हुई। इसका असर यह हुआ कि प्रमाण पत्र अब समयबद्ध तरीके से बनने लगे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने दो साल से पेंडिंग पड़े प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाकर प्रमाण पत्र जारी करने के लिए नगर निगम को भेजा और अधिकारियों को तय समय में प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए। इस सकारात्मक बदलाव को लेकर आम लोग बेहद खुश हैं। वे हिंदुस्तान टीम को न केवल धन्यवाद दे रहे हैं बल्कि यह भरोसा भी जता रहे हैं कि अगर कोई मीडिया संस्थान जनता की आवाज बने तो बदलाव संभव है। 100 दिनों में बोले हरिद्वार ने यह साबित कर दिया है कि हिन्दुस्तान अखबार परिवर्तन की भी ताकत रखता है।
सराय बाईपास रोड बनने से लोगों को मिली राहत
आपके प्रिय अखबार हिंदुस्तान ने अपने बोले हरिद्वार संस्करण में बीती 21 फरवरी को न्यू सराय बाईपास रोड़ पुननिर्माण कब होगा शुरू खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लिया और सड़क के पुननिर्माण का कार्य शुरू कराया। सिंचाई विभाग ने सड़क के गड्ढे भर दिए और 23 लाख के बजट से सड़क का पुननिर्माण कराया। जहां जहां भी गड्ढे थे उन गड्ढों को भरकर सड़क बना दी गई है। पिछले एक साल से इस रोड के आसपास की करीब 20 हजार की आबादी और हजारों राहगीरों को गड्ढों से परेशान नहीं होना पड़ रहा है। आसपास की 20 आवासीय कॉलोनियों और 40 गांवों के लोग सुगमता से आवाजाही कर रहे हैं। अब सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने बोले हरिद्वार अभियान के 100 दिन पूरे होने पर हिन्दुस्तान का फिर से आभार व्यक्त किया है।
औद्योगिक क्षेत्र में सीवर लाइन का कार्य हुआ पूरा
हरिद्वार के पुराने औद्योगिक क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों की हालत बेहद खराब थी। यहां करीब 40 हजार की आबादी तीन महीने से गड्ढों और धूल मिट्टी से परेशान थी। हिन्दुस्तान टीम उद्यमियों और स्थानीय लोगों के पास पहुंची। बीती 23 मार्च को पुराने औद्योगिक क्षेत्र में टूटी सड़कों से उद्यमी और श्रमिक परेशान खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बोले हरिद्वार अभियान में छापी गई खबर का पेयजल निगम के अफसरों ने संज्ञान लिया और पहले चरण में क्षेत्र के सभी घरों में निशुल्क सीवर के कनेक्शन जोड़ दिए हैं। अधिकारियों का दावा है कि बरसात से पहले सड़कें भी बना दी जाएंगी। उद्यमियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि हिन्दुस्तान जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का काम कर रहा है। अभियान के 100 दिन पूरे होने पर उन्होंने हिन्दुस्तान टीम को बधाई दी।
जीरो जोन में बैटरी रिक्शाओं के प्रतिबंध से लोगों को मिली जाम के झाम से राहत
हरिद्वार में पुलिस प्रशासन ने जीरो जोन तो कर दिया था, लेकिन हजारों बैटरी रिक्शा परेशानियों का सबब बनी हुई थी। हिन्दुस्तान अखबार ने बोले हरिद्वार संस्करण में बीती 14 जनवरी को व्यापारियों की मुसीबत बनी जीरो जोन में ई रिक्शा खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया और कोतवाली तिराहे से लेकर हर की पौड़ी तक जीरो जोन में बैटरी रिक्शाओं के प्रवेश पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया था। पिछले एक महीने से लोगों को जाम से परेशानी नहीं उठानी पड़ रही है। वरना पहले यहां जाम की स्थिति बनी रहती थी। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बाहर से आने वाले यात्री यहां खरीदारी करते हैं। ऐसे में आय दिन लड़ाई झगड़े भी होते रहते थे। व्यापारियों ने बताया कि हिन्दुस्तान अखबार ने उनकी पीड़ा को सुना और जिस समस्या का समाधान सालों से नहीं हो पा रहा था उसका भी समाधान करवाया। व्यापारी हित में हिन्दुस्तान की टीम अच्छा कार्य कर रही है। व्यापारियों ने बोले हरिद्वार अभियान के 100 दिन पूरा होने पर हिन्दुस्तान अखबार की पूरी टीम का आभार भी व्यक्त किया है।
हिन्दुस्तान में खबर छपने के अगले ही दिन लगाए नए ट्रांसफार्मर
उत्तरी हरिद्वार में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या ने सभी को परेशान किया था। कॉलोनी लो वोल्टेज की समस्या से दो-चार हो रही थी। इस समस्या से न सिर्फ घरेलू उपभोक्ता जूझ रहे हैं। बल्कि बड़े-बड़े होटल, आश्रम और विभिन्न प्रतिष्ठानों पर भी प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लो वोल्टेज के चलते बिजली रहने पर भी एसी नहीं चला पाते हैं। पंखा और कूलर इतने धीरे-धीरे चलते हैं कि पर्याप्त हवा नहीं मिल पा रही है। मोटर न चल पाने से पेयजल का संकट अलग से गहरा रहा है। 26 फरवरी को हिन्दुस्तान में खबर छपी। जिसके तीसरे दिन ही ऊर्जा निगम ने तीन ट्रांसफार्मर लगाए।
प्रमाण पत्रों की देरी खत्म अब समय पर हो रहा काम
नगर निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों में देरी की समस्या अब दूर हो गई है। पहले लोगों को कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी हुई है। अब अधिकतर प्रमाण पत्र निर्धारित समय में जारी हो रहे हैं। आपके प्रिय अखबार हिन्दुस्तान ने बीती 19 अप्रैल को इस समस्या को उठाया था।
खड़खड़ी श्मशान घाट पर एक दिन बाद छोड़ा गंगाजल
खड़खड़ी शमशान घाट के साथ ही उससे लगते अन्य गंगा घाटों पर गंगाजल न होने के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और खड़खड़ी शमशान घाट सेवा समिति के लोगों को दो महीने से परेशानी उठानी पड़ रही थी। अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोग वापस लौटने लगे थे। लोगों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की। यहां तक कि व्यापारियों ने धरने प्रदर्शन तक कर दिए थे। मुद्दे को कई मंचों पर उठाया गए लेकिन तब भी कोई समाधान नहीं निकला। हिंदुस्तान अखबार के बोले हरिद्वार अभियान के तहत 8 अप्रैल को इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर छपने के बाद ही प्रशासन हरकत में आया। खबर के असर से अगले ही दिन भगीरथ बिंदु से पानी छोड़ा गया। शमशान घाट सेवा समिति और स्थानीय लोगों का कहना है कि हिन्दुस्तान अखबार जनसमस्याओं को गंभीरता से लेता है और इसी कारण बदलाव संभव हुआ है। बोले हरिद्वार संस्करण के 100 दिन पूरे होने पर पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं।
जनता ने जताया आभार
हमने कई साल इंतजार किया, लेकिन सराय बाईपास रोड अधूरी ही पड़ी रही। हिन्दुस्तान ने जब इस पर खबर छापी, तो दो हफ्तों में ही काम शुरू हो गया और अब सड़क बनकर तैयार है। बहुत धन्यवाद। -विक्की तनेजा
पुराने औद्योगिक क्षेत्र में सीवर लाइन की वजह से सड़कें जर्जर थीं। अब नई सड़क बन गई और सीवर कनेक्शन मुफ्त में मिल रहा है। ये बदलाव देखकर अच्छा लग रहा है। -नरेश जैनर, उद्यमी
श्मशान घाट पर बहने वाली गंगा में दो महीने से पानी नहीं था। अंतिम संस्कार में दिक्कतें हो रही थीं। हिन्दुस्तान ने आवाज उठाई और अगले ही दिन यूपी सिंचाई विभाग ने गंगा में पानी छोड़ दिया। -दुर्गेश पंजवानी
हिन्दुस्तान के बोले हरिद्वार अभियान ने न सिर्फ खबर नहीं छापी, बल्कि प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर किया। ये पत्रकारिता का असली मकसद है। हिन्दुस्तान की टीम सबसे बेहतर कार्य कर रही है। -विपिन गुप्ता
जन्म प्रमाण पत्र के लिए चक्कर काट-काट कर थक गए थे। अखबार की रिपोर्ट के बाद अब काम ऑनलाइन हो गया है और टाइम पर प्रमाण पत्र मिल रहा है। आठ महीने की समस्या हल हो गई। -राजीव पाराशर
जीरो जोन में अब बैटरी रिक्शा बंद हो गए हैं। पहले वहां भीड़ के कारण अफरा-तफरी रहती थी अब आराम से चल सकते हैं। यह हिन्दुस्तान अखबार का बहुत बढ़िया कदम है। -सुनील सेठी
हिन्दुस्तान अखबार ने आम आदमी की परेशानियों को गंभीरता से उठाया है। हिंदुस्तान को सलाम कि उन्होंने बहुत ही कम समय में हमारी समस्या का समाधान किया। पूरी टीम को बधाई। -मनोज निषाद
हिन्दुस्तान अखबार की हर खबर पर त्वरित कार्रवाई हो रही है। ये अभियान बंद नहीं होना चाहिए। उम्मीद करते हैं कि अखबार आगे भी इसी तरह जन सरोकार से जुड़े मुद्दे उठाता रहेगा। -अमन शर्मा
बिजली की तारें सड़कें, पानी, शौचालय और यहां तक शिक्षा जैसी समस्याएं उठाने से फर्क पड़ा है। हिन्दुस्तान अखबार के बोले हरिद्वार अभियान से लोग अब खुद भी जागरूक हो रहे हैं। -राजेंद्र उर्फ राजू वधावन
औद्योगिक क्षेत्र में सीवर कनेक्शन की प्रक्रिया तेज हुई है। सीवर लाइन का कार्य पूरा हो चुका है। हिन्दुस्तान अखबार के कारण यह सब संभव हो पाया है। निश्चित रूप से पूरी टीम बधाई की पात्र है। -एम.आर शर्मा
बोले हरिद्वार की वजह से अधिकारी भी जन समस्याओं का समाधान करने लगे हैं। हिन्दुस्तान अखबार का नियमित पाठक हूं। बोले हरिद्वार अभियान अच्छा चल रहा है। यह सराहनीय कार्य है। -राजेंद्र ठाकुर
खबरों का असर सीधे दिखा है। रोजाना हिन्दुस्तान अखबार पढ़ते हैं। बोले हरिद्वार अभियान ये भरोसा दिलाता है कि बदलाव मुमकिन है। थैंक्यू हिन्दुस्तान। -अनिकेत गिरी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।