Residents Demand Name Change from Bhoot Bangla to Ahilyabai Holkar Amid Safety and Infrastructure Concerns in Ward-21 बोले रुद्रपुर : भूत बंगला नाम बदले, किराएदारों का कराया जाए सत्यापन , Rudrapur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttarakhand NewsRudrapur NewsResidents Demand Name Change from Bhoot Bangla to Ahilyabai Holkar Amid Safety and Infrastructure Concerns in Ward-21

बोले रुद्रपुर : भूत बंगला नाम बदले, किराएदारों का कराया जाए सत्यापन

वार्ड-21 के निवासी 'भूत बंगला' नाम को बदलकर 'अहिल्याबाई होल्कर' करने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोग नालियों की सफाई, खराब सड़कों और अवैध शराब की बिक्री जैसी समस्याओं से परेशान हैं। मकान मालिकों को...

Newswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुरSun, 13 April 2025 06:41 PM
share Share
Follow Us on
बोले रुद्रपुर : भूत बंगला नाम बदले, किराएदारों का कराया जाए सत्यापन

भूत बंगला पश्चिम-दक्षिणी, वार्ड-21 के ज्यादातर लोग अपने वार्ड का नाम भूत बंगला बदलना चाहते हैं। लोगों का कहना है कि भूत बंगला नाम अजीब-सा लगता है। अक्सर लोगों को यह नाम सुनकर आश्चर्य होता है। वहीं ज्यादातर मकान मालिकों ने अपने यहां किराएदार रखे हैं, लेकिन इसमें से कुछ ही लोगों ने उनका पुलिस सत्यापन कराया है। अधिकतर बाहरी लोगों का पुलिस सत्यापन नहीं होने से स्थानीय लोगों को भय रहता है। लोगों ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा के मद्देनजर सभी मकान मालिकों को अपने किराएदारों का सत्यापन कराना चाहिए। साथ ही वार्ड में महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाने चाहिए। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध शराब व नशीले पदार्थों की बिक्री खुलेआम हो रही है। कई दुकानदार देर रात तक अपनी दुकानें खुली रखते हैं। ऐसे में लोगों को इन दुकानदारों पर भी शंका होती है। भूत बंगला पश्चिम-दक्षिणी, वार्ड-21 नगर निगम के समीप स्थित है, लेकिन इसके बावजूद यहां अब तक विकास की किरण नहीं पहुंच पाई है। करीब 2600 आबादी वाले वार्ड-21 के लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक मयस्सर नहीं हैं। रम्पुरा, कैनाल कॉलोनी, सुपर मार्केट, नए बने वेंडिंग जोन, हाइडिल कॉलोनी, एसडीएम कॉलोनी भूत बंगला दक्षिण के अंतर्गत आते हैं, लेकिन ज्यादातर जगहों की सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतें होती हैं। दुकानदारों ने 8-9 सालों से नालियों के ऊपर कब्जा कर रखा है, जिससे नालियों की सफाई नहीं होने से वह अक्सर चोक रहती हैं। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर आने से लोगों का चलना तक दूभर हो जाता है। लोगों ने बताया कि वार्ड की गलियों में भी लोगों ने नालियों के ऊपर अधिग्रहण कर रखा है, जिससे गलियां अत्यधिक संकरी हो गई हैं। वार्ड में खाली जगह होने के बाद भी एक पार्क तक नहीं होने की कमी लोगों को खलती है। स्थानीय पार्षद गिरीश पाल ने बताया कि पार्क निर्माण के लिए नगर निगम में प्रस्ताव दिया गया है। बताया कि नगर निगम के कर्मचारी संकरी गलियों से छोटी गाड़ियों में कूड़ा उठाकर एक जगह एकत्रित करते हैं। फिर वहां से बड़ी गाड़ी में कूड़े को ले जाया जाता है। निगम की ओर से वार्ड में 5 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि लोगों की मांग है कि यहां 10 और कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। लावारिस कुत्तों व गोवंशीय पशुओं की संख्या भी यहां अत्यधिक है। लोगों ने बताया कि लावारिस कुत्ते पूर्व में कई लोगों को काट चुके हैं। वार्ड में करीब 250 स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, जिसमें से 10-12 खराब पड़ी हैं। वार्ड में करीब 150 नई लाइटों की जरूरत है। लोगों की मांग है कि वार्ड के प्रवेश गेट और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए, जिससे लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। वार्ड में जगह-जगह अवैध शराब की बिक्री पर पुलिस-प्रशासन का अंकुश नहीं होने पर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अवैध शराब की बिक्री का सीधा असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। ज्यादातर मकान मालिकों ने अपने किराएदारों के पुलिस सत्यापन नहीं कराए हैं।

अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाए वार्ड का नया नाम : ज्यादातर लोग अपने वार्ड का नाम भूत बंगला बदलना चाहते हैं। लोगों ने बताया कि भूत बंगला नाम अजीब सा लगता है। अक्सर लोगों को यह नाम सुनकर आश्चर्य होता है। यहां के कई बाशिंदे अपने नाम-पते आदि में भी भूत बंगला की बजाय रम्पुरा लिखना पसंद करते हैं। रम्पुरा भी इसी वार्ड का हिस्सा है। कई लोगों ने कहा कि वार्ड का नाम भूत बंगला से बदलकर अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कर देना चाहिए। कहा कि मराठा साम्राज्य की एक प्रसिद्ध महारानी व मालवा के होल्कर राज्य की शासिका अहिल्याबाई होल्कर ने एक मजबूत व कुशल प्रशासन स्थापित किया था, जिससे राज्य में शांति व समृद्धि आई। उनके नाम पर वार्ड का नाम होने से लोग गौरवान्वित महसूस करेंगे।

दुकानदारों के अतिक्रमण से नालियों की नहीं होती सफाई : वार्ड-21 में ज्यादातर जगहों पर लोगों ने नालियों के ऊपर अतिक्रमण कर रखा है। इसकी वजह से नालियों की सफाई तक नहीं हो पाती है, जिससे ज्यादातर नालियां अक्सर चोक रहती हैं। लोगों ने बताया कि इंद्रा चौक से बैगुल नदी, कुष्ठ आश्रम तक करीब 200 मीटर लंबी नहर है। वार्ड की ज्यादातर गलियों का गंदा पानी इसी नगर में जाता है, लेकिन इस नहर के ऊपर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। पिछले 8-9 सालों से नालियों की सफाई नहीं हो पाई है, जिससे कूड़ा-कचरा आदि फंसे रहने से नाली अक्सर चोक रहती हैं। बरसात में गंदा पानी सड़कों में जाता है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। इसी तरह वार्ड की कई गलियों में भी लोगों ने नालियों के ऊपर अतिक्रमण कर रखा है।

गलियां संकरी, सड़कें खस्ताहाल : वार्ड-21 में ज्यादातर गलियां काफी संकरी हैं, जबकि अधिकतर सड़कों की हालत खस्ता है। काली मंदिर से गुरुद्वारे तक जाने वाली करीब 500 मीटर लंबी मुख्य सड़क जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आते-जाते अक्सर ठोंकरें लगती हैं। लोगों ने बताया कि सुपर मार्केट व मछली बाजार में पिछले दो दशकों से सड़कें नहीं बनी हैं। इसके अलावा वार्ड की अधिकतर गलियों की सड़कों की भी मरम्मत नहीं होने के कारण स्थिति काफी दयनीय है। लोगों ने बताया कि लालता प्रसाद वाली गली में 150 मीटर लंबी सड़क खस्ताहाल है। इसी तरह कमल श्रीवास्तव वाली गली में करीब 150 मीटर नई सड़क बनाए जाने की जरूरत है।

अवैध शराब की होती है तस्करी : वार्ड-21 में अवैध शराब व नशीले पदार्थों की तस्करी होती है। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री होती है। पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने से अवैध नशीले पदार्थ बेचने वालों के हौसले बुलंद रहते हैं। क्षेत्र की ज्यादातर दुकानें रात 9 बजे तक बंद हो जाती हैं, लेकिन कई दुकानें रात्रि में भी खुली रहती हैं। दुकानों के खुलने व बंद होने का समय तय होना चाहिए। नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता से युवाओं पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। बताया कि क्षेत्र में सट्टे आदि का खेल भी धड़ल्ले से चल रहा है। कहा कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और अवैध शराब व नशीले पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम की जा सके।

बिना सत्यापन के रह रहे ज्यादातर किराएदार : समूचे वार्ड में किराए पर रहने वाले ज्यादातर लोगों का सत्यापन नहीं है। लोगों ने बताया कि मकान मालिकों की लापरवाही की वजह से अधिकतर किराएदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया है। बताया कि वैसे क्षेत्र में चोरी, लूटपाट की घटनाएं ज्यादा नहीं होती हैं, लेकिन ज्यादातर के सत्यापन नहीं होने से लोगों के मन में अक्सर भय बना रहता है। ऐसे में लोग हर आने-जाने वाले को शंका की नजर से देखते हैं। कहा कि मकान मालिकों को यह समझना चाहिए कि किराएदारों का सत्यापन होने से उन्हें ही लाभ मिलेगा। पुलिस सत्यापन से किराएदार के संबंध में उन्हें सभी जानकारियां प्राप्त होंगी, इसलिए सभी मकान मालिकों को अपने किराएदारों का सत्यापन कराना चाहिए। इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से भी विशेष अभियान चलाना जाना चाहिए। जो मकान मालिक इसके बाद भी अपने किराएदारों का सत्पायन नहीं कराते, उनका चालान काटा जाना चाहिए।

शिकायतें

1-गलियों व मुख्य सड़क पर नालियों के ऊपर लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है, जिससे इनकी सफाई नहीं हो पाती है। नालियां अक्सर चोक रहती हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी रहती है।

2-रखरखाव और मरम्मत नहीं होने से वार्ड की ज्यादातर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। कई स्थानों में दशकों से सड़कें नहीं बनी हैं। इन्हें बनवाया जाए।

3-वार्ड में अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री होती है, लेकिन इसका दुष्परिणाम समाज व युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। कुछ दुकानें भी देर रात तक खुली रहती हैं।

4-स्थानीय लोग वार्ड का नाम भूत बंगला से बदलकर कुछ और करना चाहते हैं, क्योंकि भूत बंगला नाम लोगों को अजीब सा लगता है। लोगों को बताने में भी झिझक लगती है।

5-अधिकतर मकान मालिकों ने बिना सत्यापन के किराएदार रखे हैं। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है। पुलिस को अभियान चलाकर इनका सत्यापन करना चाहिए।

सुझाव

1-नगर निगम को लोगों द्वारा नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कराना चाहिए, जिससे नालियों की नियमित सफाई की जा सके। इससे क्षेत्र में सफाई रहेगी।

2-खराब सड़कों की मरम्मत की जानी चाहिए। साथ ही जिन स्थानों पर अब तक सड़कें नहीं बनी हैं, वहां सड़कें बनाई जानी चाहिए, जिससे लोगों के लिए आवाजाही आसान हो सके।

3-वार्ड में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए पुलिस को अभियान चलाना चाहिए। नशे के चलते युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

4-वार्ड का नाम भूत बंगला से बदलकर अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाना चाहिए, जिससे लोग गर्व महसूस करेंगे। इस पर शासन को जल्द ध्यान देना चाहिए।

5-सभी मकान मालिकों को अपने यहां रह रहे किराएदारों का सत्यापन करना चाहिए, जिससे लोग भय के माहौल से उबर सकें। पुलिस को भी इस संबंध में अभियान चलाना चाहिए।

साझा किया दर्द

वार्ड 21 में नालियों की सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरा फंसा रहता है, जिससे नालियां ओवरफ्लो होने से गंदा पानी गलियों में जमा हो जाता है। इससे आने-जाने में परेशानी होती है।

-राजेश गुप्ता

गलियां पहले से काफी संकरी हैं। इसके बावजूद लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। गलियों का चौड़ीकरण किया जाना चाहिए।

-सविता प्रजापति

अधिकांश मकान मालिकों ने अपने यहां रह रहे किराएदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया है। सुरक्षा की दृष्टि से किराएदारों का सत्यापन किया जाना चाहिए।

-शारदा देवी

वार्ड में लावारिस कुत्तों का काफी आतंक है। इन्हें पकड़ने के लिए अभियान चलाने की जरूरत है। लावारिस कुत्ते अब तक कई लोगों को काट चुके हैं। वहीं लावारिस पशु भी घूमते रहते हैं।

-रीना

वार्ड की मुख्य समस्या नालियों के ऊपर किया गया अतिक्रमण है। इससे गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाती है और वार्ड में गंदगी रहती है। स्ट्रीट लाइटें भी दुरुस्त की जानी चाहिए।

-दुलारो

वार्ड की सड़कें बहुत खराब हैं। इन पर चलने से लोगों को ठोकरें लगती हैं। इनकी मरम्मत की जानी चाहिए। नालियों की भी सफाई होनी चाहिए। कूड़ा गाड़ी आती है।

-मालती

वार्ड का नाम भूत बंगला बदला जाना चाहिए। भूत बंगला नाम सुनने में लोगों को आश्चर्य होता है। सड़कों की स्थिति में सुधार व लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए।

-केशरवती

वार्ड में नालियों के ऊपर अतिक्रमण बड़ी समस्या है। किराएदारों का सत्यापन होना चाहिए। वार्ड में नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री की जा रही है। इस पर लगाम लगाई जानी चाहिए।

-अमन दिवाकर

वार्ड के लोगों को एक पार्क की जरूरत है। एसडीएम कॉलोनी में नगर निगम की खाली जगह है, वहां पार्क का निर्माण किया जा सकता है। इससे लोगों को बैठने और व्यायाम करने की जगह मिलेगी।

-राहुल पाल

वार्ड में सरकारी हैंडपंपों की कमी है। वार्ड में करीब 25 हैंडपंप हैं, लेकिन 10 नए हैंडपंपों की जरूरत है, जिससे लोगों को गर्मियों में पेयजल की समस्या से जूझना न पड़े।

-कृष्णा

वार्ड में रह रहे किरायेदारों का का सत्यापन नहीं होने से स्थानीय लोग भय में रहते हैं। अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए। वार्ड का नाम भूत बंगला से बदलकर कुछ और करना चाहिए।

-राजीव कुमार

लोगों ने दुकानें बहुत आगे तक बढ़ा ली हैं, जिससे गलियां छोटी पड़ गई हैं। लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। अतिक्रमण हटना चाहिए। मुख्य सड़क की मरम्मत की जानी चाहिए।

-राकेश गुप्ता

बोले पार्षद

मुख्य सड़क की मरम्मत की जरूरत है। नालियों के ऊपर अतिक्रमण से इनकी सफाई नहीं हो पा रही है। सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। पार्क के लिए नगर निगम में प्रस्ताव दिया गया है। दुकानों के खुलने व बंद होने का समय तय होना चाहिए।

- गिरीश पाल, पार्षद

बोले कोतवाल

समय-समय पर लोगों के सत्यापन की कार्यवाही की जाती है। पीएसी के माध्यम से जल्द सत्यापन का अभियान चलाया जाएगा। अवैध शराब व नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। रम्पुरा, भूत बंगला क्षेत्र से प्रतिमाह 3-4 मामले अवैध शराब आदि के पकड़े जाते हैं।

-मनोज रतूड़ी, कोतवाल रुद्रपुर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।