रतूड़ी और बिष्ट होंगी हिमालय प्रहरी से सम्मानित
सेव हिमालय मूवमेंट और पर्वतीय नवजीवन मंडल आश्रम द्वारा नगर निगम देहरादून के टाउन हॉल में 21 मई को पद्म विभूषण सुंदरलाल बहुगुणा की चतुर्थ पुण्यतिथि पर सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जन...

सेव हिमालय मूवमेंट व पर्वतीय नवजीवन मंडल आश्रम के द्वारा संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम देहरादून के टाउन हॉल में 21 मई को पद्म विभूषण सुंदरलाल बहुगुणा के चतुर्थ पुण्यतिथि पर सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा। सेव हिमालय मूवमेंट के अध्यक्ष समीर रतूड़ी व सचिव डॉ. अरविन्द दरमोड़ा ने बताया कि पद्म विभूषण सुंदरलाल बहुगुणा की पुण्यतिथि पर जन कवि आंदोलनकारी स्व. घनश्याम रतूड़ी सैलानी व दीक्षा बिष्ट को सुंदरलाल बहुगुणा स्मृति सम्मान हिमालय प्रहरी 2025 सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। बताया कि वर्ष 2025 में सम्मान का चयन पांच सदस्यीय चयन समिति के द्वारा सर्वसम्मति से किया गया। चयन समिति के सदस्यों में स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. राजेन्द्र डोभाल, वरिष्ठ पत्रकार राजीव नयन बहुगुणा, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता जगदम्बा प्रसाद रतूड़ी, भगवती प्रसाद नैथानी तथा शीशराम कंसवाल शामिल रहे। बताया कि दीक्षा को यह सम्मान उनके जीवन भर के विभिन्न सामाजिक कार्य को देखते हुये दिया जा रहा है,जबकि स्व. घनश्याम रतूड़ी सैलानी को मरणोपरांत उनके विभिन्न जन चेतना व आन्दोलन में अपनी अहम भूमिका के आधार पर दिया जा रहा है। बताया कि घनश्याम सैलानी ने विभिन्न आन्दोलनों में अपनी अहम भूमिका निभाई,जिसमें मुख्यतः चिपको आन्दोलन, सर्वोदय आन्दोलन, भूदान आन्दोलन, नशाबंदी आन्दोलन, टिहरी बाँध विरोधी आन्दोलन में किये गए उल्लेखनीय कार्य के आधार पर अनका चयन किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।