पहला चरण : भोजपुर के 12 प्रखंडों में आज से शुरू होगा महिला संवाद कार्यक्रम, तैयारी पूरी
- 12 डिजिटल मोबाइल वैन से महिलाओं के विकास की दी जाएगी जानकारी, सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक रोस्टर के अनुसार चलेगा कार्यक्रम -

- 12 डिजिटल मोबाइल वैन से महिलाओं के विकास की दी जाएगी जानकारी - जीविका के 1398 ग्राम संगठनों के माध्यम से संचालित होगा कार्यक्रम - जिले के संवाद कार्यक्रम में 200 से 250 महिलाएं भाग लेंगी - सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक रोस्टर के अनुसार चलेगा कार्यक्रम - पटना से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज करेंगे उदघाटन आरा, हमारे संवाददाता। भोजपुर जिले के 12 प्रखंडों में आज शुक्रवार से महिला संवाद कार्यक्रम शुरू होगा। इसकी तैयारी जिला प्रशासन की ओर से पूरी कर ली गई है। इसके लिए 12 डिजिटल मोबाइल वैन पटना से गुरुवार को यहां पहुंच गयी हैं। इसके माध्यम से महिलाओं के विकास के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जीविका के 1398 ग्राम संगठनों के माध्यम से यह कार्यक्रम संचालित होगा। इस संवाद कार्यक्रम में 200 से 250 महिलाएं भाग लेंगी। सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक रोस्टर के अनुसार कार्यक्रम चलेगा। पटना से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। बिहार सरकार की ओर से महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक और प्रभावशाली कदम उठाते हुए महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन 18 अप्रैल से पूरे राज्य में किया जा रहा है। यह नवाचारात्मक अभियान जीविका से संबद्ध सभी ग्राम संगठनों के माध्यम से गांव-गांव में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उनकी इच्छाओं व आकांक्षाओं को सीधे सरकार तक पहुंचना है। महिला संवाद के तहत पूरे राज्य में 600 विशेष रूप से डिजाइन की गई डिजिटल मोबाइल वैन पंचायतों में पहुंचेंगी। यह वैन एलईडी टीवी, बैनर, पोस्टर, सेल्फी जोन और अन्य संसाधनों से सुसज्जित होंगी। इन वैन के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों और पिछले 20 वर्षों में राज्य सरकार की ओर से किये गये महिला कल्याण के प्रयासों की डिजिटल रूप से जानकारी दी जाएगी। इन आयोजनों के दौरान महिलाओं को योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी। साथ ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपना अनुभव साझा करेंगी। इस दौरान अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी। इसके साथ ही उपस्थित महिलाएं अपनी अपेक्षाएं व सुझाव भी साझा करेंगी, जो सरकार को नीतिगत निर्णय लेने में मददगार सिद्ध होंगे। यह महिलाओं की आवाज को नीतिगत मंच तक पहुंचाने का माध्यम यह महिला संवाद न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम है, बल्कि यह महिलाओं की आवाज को नीतिगत मंच तक पहुंचाने का प्रभावशाली जरिया भी है। जिलास्तर पर महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए डीएम की ओर से आवश्यक कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए राज्य, जिला और प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। यह कार्यक्रम 18 अप्रैल से मध्य जून तक चलेगा। - सरकार और समाज के बीच सेतु का कार्य करेगा यह महिला संवाद वास्तव में एक ऐसा मंच है, जो सरकार और समाज के बीच सेतु का कार्य करेगा। महिलाएं अपनी कहानियों के माध्यम से दूसरों को प्रेरित करेंगी और एक सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में भागीदारी निभाएंगी। पहले चरण में यह अभियान जिले के 12 प्रखंडों में शुरू होगा। - कार्यक्रम का दूसरा चरण 24 मई से शुरू होगा कार्यक्रम का दूसरा चरण 24 मई से शुरू होगा। यह कार्यक्रम जिले के केवल दो प्रखंड संदेश एवं गड़हनी में चलेगा। इसके लिए अलग से कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा। महिला संवाद कार्यक्रम पूरे 58 दिनों तक चलेगा। प्रत्येक दिन दो ग्राम संगठनों में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को संकलित किया जाएगा, ताकि महिला सशक्तीकरण को मजबूती मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।