Severe Heatwave Hits Dawoodnagar Temperatures Soar to 42 C हीट वेव का कहर जारी, बढ़ी लोगों की परेशानी, Aurangabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsAurangabad NewsSevere Heatwave Hits Dawoodnagar Temperatures Soar to 42 C

हीट वेव का कहर जारी, बढ़ी लोगों की परेशानी

दाउदनगर में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज लू और चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। जल स्तर गिरने के कारण पानी की समस्या बढ़...

Newswrap हिन्दुस्तान, औरंगाबादTue, 22 April 2025 09:55 PM
share Share
Follow Us on
हीट वेव का कहर जारी, बढ़ी लोगों की परेशानी

दाउदनगर, संवाद सूत्र। दाउदनगर अनुमंडल इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप और तेज लू ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। सड़कों पर दिन के समय सन्नाटा पसरा रहा और बाजारों में चहल-पहल न के बराबर रही। दिन के साथ-साथ रातें भी अब गर्म होती जा रही हैं। तापमान में लगातार वृद्धि से लोगों की नींद हराम हो गई है। तेज गर्म हवाएं रात में भी थमने का नाम नहीं ले रहीं, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली की आंखमिचौली के कारण पंखे और कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे। भीषण गर्मी का असर अब पानी की उपलब्धता पर भी दिखने लगा है। दाउदनगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कुएं और चापाकल सूखने लगे हैं। जल स्तर गिरने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी मशक्कत करनी पड़ रही है।मौसम विभाग का कहना है कि यह गर्मी की महज शुरुआत है। आने वाले दिनों में तापमान में और तेज़ी से बढ़ोतरी हो सकती है। पटना स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के 31 जिलों में हीट वेव और हॉट डे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह के अंत तक तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर राजेश कुमार ने बताया कि लू लगने के मामलों में इजाफा हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर न निकलें, अधिक से अधिक पानी पिएं, छाया में रहें और हल्के, सूती कपड़े पहनें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।भीषण गर्मी और तेज लू के बीच दाउदनगरवासी फिलहाल राहत की उम्मीद में आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है, जिससे लोगों की परेशानी फिलहाल कम होती नहीं दिख रही।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।