आस्था : खजूर की डालियों पर पुरोहितों ने दिया आशीष
बेतिया के संत तेरेसा स्कूल में रविवार को पाम संडे का आयोजन हुआ। फादर फिनटन ने खजूर की डालियों पर प्रार्थना की और ईसाई समुदाय को आशीष दिया। समारोह में प्रभु यीशु के यरुशलम में प्रवेश की याद में पूजा...
बेतिया, हमारे संवाददाता। बेतिया के संत तेरेसा स्कूल में रविवार को प्रात: 5 बजे पाम संडे अर्थात खजूर रविवार का आयोजन किया गया। इसी दिन प्रभु ईसा मसीह यरुशलम में प्रवेश किए थे। इस कार्यक्रम में फादर फिनटन के द्वारा खजूर की डालियों पर विशेष प्रार्थना कर उपस्थित ईसाई समुदाय के लोगों को आशीष दिया गया। उनके साथ बेतिया पल्ली के प्रधान पुरोहित फादर हेनरी फर्नांडो, फादर रॉबर्ट और फादर बिपिन उपस्थित थे। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच खजूर की डालियों का वितरण किया गया। इस दौरान सभी ईसाई पुरोहित और धर्मावलंबियों ने गीत गाते हुए महागिरिजाघर में प्रवेश करने के लिए प्रस्थान किया। जय हो.. प्रभु की जय हो.. स्वर्ग लोक में जय हो.. गीत के बोल से पूरा वातावरण गूंजायमान रहा। इसके बाद बेतिया के महा गिरजाघर में प्रवेश किया गया। यहां पर दो पालियों में पूजा अर्चना की गई। पूजा के प्रथम भाग में प्रभु के दुख भोग के बारे में लोगों को बताया गया। इसके बाद प्रभु यीशु मसीह के यरुशलम में प्रवेश,गिरफ्तार होने, मृत्युदंड का फरमान और उनको क्रूस पर मरने जैसी सभी घटनाओं को याद किया गया। पूरे समारोह में मुख्य याचक के रूप में फादर फिनटन उपस्थित थे। उनके साथ सहायक याचक के रूप में कई पुरोहित उपस्थित थे। इन सभी ने पूरी पवित्रता के साथ पूजन विधि को संपन्न कराया। इसके बाद चर्च क्वायर ने अपनी भक्तिपूर्ण मधुर स्वर से पूरी माहौल को शुद्ध बनाया। बेतिया महा गिरजाघर में फादर फिनटन ने हृदय स्पर्शी उपदेश दिया और पूरे सप्ताह के महत्व के बारे में बताया। आज के दिन प्रभु यीशु यरुशलम में गधे के ऊपर बैठे थे। उन्होंने गधा ही चुना क्योंकि वह तुच्छ जानवर है और प्रभु यीशु भी तुक्छ, दिन हीन और पापियों की सेवा करने के लिए पृथ्वी पर आए थे। इस मौके पर सभी अनुयायियों ने ध्यान पूर्वक पाठ को सुना और मनन चिंतन किया। चूहरी के ग्रोटो परिसर में भी खजूर रविवार का आयोजन किया गया। पांच ईसाई पादरियों के द्वारा ईसाई समुदाय की महिला पुरुषों के बीच आशीष पढ़कर खजूर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।