‘ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में अररिया में कांग्रेस ने निकाली तिरंगा यात्रा, सेना को किया सैल्यूट
अररिया में कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली, जिसका उद्देश्य भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' के समर्थन और मनोबल बढ़ाना था। यात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाद अहमद ने किया।...

अररिया । निज संवाददाता भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई निर्णायक और साहसी कार्रवाई के समर्थन और सेना का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर शनिवार को अररिया में कांग्रेस पार्टी ने तिरंगा यात्रा निकाली।कांग्रेस कार्यालय गांधी आश्रम से कचहरी स्थित नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा स्थल तक निकाली गई इस यात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाद अहमद ने किया। तिरंगा यात्रा में अररिया विधायक आबिदुर रहमान,पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष आफताब उर रहमान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता शामिल थे। तिरंगों के साथ रैली में शामिल कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हिन्दुस्तान और भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाए।जिला
अध्यक्ष शाद अहमद ने कहा कि यह तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान है। इसकी रक्षा के लिए हम भारतीय अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार हैं।उन्होंने कहा कि आज देश के सामने जो परिस्थिति है, उसमें हमारी सेना आतंकवादियों का गढ़ बन चुके पाकिस्तान को माकूल जवाब दे रही है। कांग्रेस पार्टी जल, थल, वायु सेना के सैनिकों को सैल्यूट करती है। हमें विश्वास है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारी जीत होगी। पूरा देश उनके समर्थन में खड़ा है। घर में घुस कर हो रहा हिसाब : विधायक अररिया विधायक आबिदुर रहमान ने इस मौके पर कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तान के घर में घुसकर उसकी करतूतों का हिसाब चुकता कर रही है। आज की ‘जय हिंद तिरंगा यात्रा के जरिए देश के वीर जवानों के शौर्य को नमन कर रहे हैं। हमने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि देश के लिए लड़ने वाली सेना के साथ हर कांग्रेसी चट्टान की तरह खड़ा है। हमारे नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह देश का सवाल है और हम हर हाल में सेना व सरकार के साथ हैं।विधायक ने कहा कि यह यात्रा हमारे वीर जवानों के अद्वितीय साहस, राष्ट्रप्रेम और बलिदान को समर्पित है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सेना के साथ है और हमें अपने वीर जवानों की वीरता और पराक्रम पर पूरा विश्वास है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।