बोले सहरसा : बंगाली बाजार में ओवरब्रिज बने तो हटेगा जाम, बढ़ेगा व्यवसाय
नगर निगम क्षेत्र के शंकर चौक के दुकानदार आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। जाम की समस्या के कारण व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। ओवरब्रिज निर्माण की मांग की जा रही है, जबकि जल निकासी और बिजली के तारों...
नगर निगम क्षेत्र के शंकर चौक स्थित दुकानदार आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। जाम की समस्या है। दुकान, घर एवं गली मोहल्ले में बिजली का हाईटेंशन तार लटका हुआ है। शहर में जल निकासी के लिए नाला नहीं है। यदि कभी हल्की बारिश भी हो जाती है तो जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नगर निगम द्वारा कचरा उठाव कराया जा रहा था, वह भी अब बंद हो गया है। सड़क किनारे कचरा रखने के लिए बॉक्स नहीं लगाया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था सही नहीं रहने के कारण सड़क पर हर घंटे जाम लग जाता है। संवाद के दौरान शहर के व्यवसायियों ने अपनी परेशानी बताई। साथ ही नगर व जिला प्रशासन से इसे दूर करने की मांग की।
25 से अधिक व्यवसासयियों ने संवाद के दौरान रखे अपने विचार
07 बजे सुबह से ही बाजार में बढ़ने लगती है भीड़, रहता है जाम का रहता नजारा
25 साल से अधिक समय से लोग कर रहे ओवरब्रिज निर्माण की मांग
शहर में आए दिन जाम की समस्या बनी रहने के कारण इसका सीधे असर दुकानदारी पर पड़ता है। नगर निगम में जिस तरह की सुविधा होनी चाहिए बाजार आज भी नहीं मिली है। कुछ क्षेत्रों में विकास हुआ है। बहुत बाकी है। बाजार के दुकानदारों ने बताया कि शहर की सबसे बड़ी समस्या ओवरब्रिज नहीं बनना है। ओवरब्रिज निर्माण नहीं होने के कारण सहरसा बाजार का विकास नहीं हो पाया है।
दिन में हर घंटे ढाला गिरने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। कई बार एम्बुलेंस घण्टों फंसी रह जाती है। ऐसे में लोग फंसकर जान गवां देते हैं। ओवरब्रिज निर्माण नहीं होने के कारण शहर दो भागों में बंटा हुआ है। बाजार विकसित नहीं हो पा रहा है। लोगों ने बताया कि बाजार वासियों का एक ही मांग है कि यहां ओवर ब्रिज निर्माण हो जाए। ओवरब्रिज निर्माण होने से कई तरह की सुविधा होगी। बाजार वासियों ने बताया कि कई बार इसका शिलान्यास हुआ है लेकिन अब तक बनने की शुरुआत नहीं हो पाई। हाल के दिनों में टेंडर प्रक्रिया में चल रही है।
दुकानदारों ने बताया कि शहर में ड्रेनेज सिस्टम खराब है। मात्र 13 वार्डों में जलनिकासी की व्यवस्था हो पाई है। शहर में जलजमाव की समस्या बरसात के दिनों में विकराल हो जाती है। जल निकासी की बेहतर व्सवस्था होनी चाहिए। जलजमाव का सीधा असर बाजार पर पड़ता है। लोग बरसात के दिनों में बाजार आने से कतराते हैं। शहर के विभिन्न गली-मोहल्ले में बिजली का तार लटका रहता है। विभाग से कई बार हम लोगों ने इसकी शिकायत की है लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। घर एवं दुकान के ऊपर से हाई वोल्टेज तार गुजरा है। लोगों की जान भी गई है। शहर में कवर्ड वायर लगाने की जरूरत है।
बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या होनी चाहिए दूर
शहर के डीबी रोड के दुकानदारों ने बताया कि जाम की भी शहर में सबसे बहुत परेशानी है। ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ नहीं रहने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है । बंगाली बाजार स्थित रेलवे रेलवे ढाला हर घंटे ट्रेन की आवाजाही के कारण गिरता रहता ऐसे में तुरंत जाम लग जाता है। रोड के एक साइड से दूसरे साइड जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है । शहर में सबसे ज्यादा ई-रिक्शा का चलन है । यदि उसको कहीं बाईपास के जरिए निकाला जाएगा तो जाम से निजात मिलेगी। लोग खुलकर मार्केटिंग करने के लिए यहां आ सकेंगे और हमलोगों का रोजगार भी बढ़ेगा। लोगों को भी परेशानी नहीं होगी।
शिकायत
1. ओवरब्रिज का निर्माण नहीं होने से शहर दो भागों में बंटा हैै।
2. नाला निर्माण हुआ है लेकिन जल निकासी की व्यवस्था नहीं है।
3. ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है जिससे जाम लगता है।
4. बिजली का तार घर के ऊपर से गुजरा है, हादसे की आशंका बनी रहती है।
सुझाव
1. शहर में ओवरब्रिज निर्माण होने से शहर का विकास होगा।
2. जल निकासी का व्यवस्था होनी चाहिए। इससे जलजमाव की समस्या दूर होगी।
3. ट्रैफिक व्यवस्था को सही किया जाना चाहिए।
4. घर एवं दुकान पर लगे बिजली तार को हटाया जाना चाहिए।
हमारी भी सुनिए
शहर में जाम की समस्या बनी रहती है।इस पर जिला प्रशासन को ध्यान देकर सुझाव देना चाहिए ताकि शहर का विकास हो।
मो रफत परवेज
गली-मोहल्ले में बारिश के दौरान पानी लग जाता है। लेकिन निकासी की व्यवस्था नहीं होने से महीनों पानी लगा रहता है।
नीरज कुमार गुप्ता
नगर निगम द्वारा इस जगह से कचरा उठाव का कार्य बंद कर दिया गया है। पुनः उसे चालू कराया जाना चाहिए।
जयदेव
शहर में पार्किंग जोन बनाना बहुत जरूरी है जहां लोग गाड़ी पार्क करके सामान खरीद सकें। तब ही बाजार में दुकानदारी चलेगी।
पवन कुमार
बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर ओवर ब्रिज निर्माण कार्य वर्षों से लंबित है। इसका निर्माण होने से शहर का विकास होगा।
टिशू राजपूत
जाम की समस्या बनी रहने के कारण लोग घंटों बाजार में फंसे रहते हैं। इस ओर जिला प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
वंश कुमार
नगर निगम में जिस तरह से शहर को सुविधा मिलनी चाहिए।वह नहीं मिल पाता है।इस पर ध्यान देनी चाहिए।
विजय कुमार
बिजली पोल सड़क पर खड़ा कर दिया हैं। उसका अधिकतर तार लिपटा हुआ है। कभी भी कोई घटना घट जाती है। इस पर ध्यान देना चाहिए।
पंकज
नाला निर्माण कर दिया गया है।लेकिन जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।इसको ठीक किया जाए ताकि परेशानी कम हो।
सूरज साह
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। इससे लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी लोग मार्केटिंग कर सकेंगे।
सनिष
जाम लगने के बाद शंकर चौक पर गाड़ी लगाना भी मुश्किल हो जाता है।ऐसे में लोग बाजार करने से भी नहीं आतें हैं।
सचिन कुमार सिंह
सिर्फ सड़क को नगर निगम के कर्मियों के द्वारा साफ किया जाता है। अंदर गली में गंदगी का अंबार लगा रहता है। इस पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
पप्पू कुमार
घर एवं दुकान के ऊपर बिजली का तार लगा हुआ है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।इस पर जिला प्रशासन ध्यान दें।
गणेश कुमार
प्रत्येक घंटे बंगाली बाजार का ढाला गिरा हुआ रहता है। इस कारण लोग घंटो जाम में फंसे रहते हैं। इसलिए ओवरब्रिज बने।
अभिषेक कुमार
कई दुकानदारों का दुकान अंदर गली में है।गाड़ी लगाने का व्यवस्था नहीं है।इस कारण दुकान नहीं आते हैं।
रंजय कुमार।
साफ-सफाई नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप अधिक बढ़ गया है। इससे संक्रमण फैलने का डर सताता रहता है। नगर प्रशासन ध्यान दे।
विद्या सिंह राठौर
बोले जिम्मेदार
सहरसा शहर के सभी 10 रेल फाटकों पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग को एनओसी दे दी गई है। इसके अलावा शहर के बंगाली बाजार ढाला और सर्वा ढाला पर ओवरब्रिज निर्माण स्वीकृत है। जिले में ओवरब्रिज बन जाने पर जाम की समस्या दूर होगी।
-वैभव चौधरी, जिलाधिकारी, सहरसा
शहर के सभी वार्डों में कचरा का उठाव हो रहा है। हर गली मोहल्ले से कचरा का उठाव किया जा रहा है। शहर में जल्द ही जलनिकासी की समस्या का समाधान हो जाएगा। हर जगह लाइट लगाई जा रही है। नगर निगम क्षेत्र के लोगों की समस्या का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है।
-बैन प्रिया, मेयर, सहरसा नगर निगम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।