Bihar Weather: पटना में आज बारिश होगी, कल 8 जिलों में लू चलेगी; देखें मौसम पूर्वानुमान
Bihar Mausam: मौसम विभाग के अनुसार पटना समेत कुछ जगहों पर शनिवार को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, रविवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी समेत 8 जिलों में लू चलने की आशंका है।
Bihar Weather Today Tomorrow:बिहार का मौसम शनिवार को गर्म और शुष्क रहेगा। पटना में आंशिक बादल रहने और गरज व तड़क के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं, जबकि रविवार को उत्तर बिहार के 8 जिलों में लू (हीटवेव) की चेतावनी है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। इस कारण चार शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया।
बीते 24 घंटे के भीतर गोपालगंज में 41.6, पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर में 41.2, गया में 40.8 और खगड़िया में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार शुक्रवार को अररिया, बेगूसराय, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर, कैमूर में हल्की की बारिश हुई, जबकि औरंगाबाद में 41 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
पटना में दिन का पारा चढ़ेगा, शाम में बारिश के आसार :
राजधानी पटना में शनिवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के आसार हैं। इसके साथ ही गरज और तड़क के साथ हल्की बारिश होने के पूर्वानुमान हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिन में सूरज के तल्ख तेवर के कारण अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, लेकिन देर शाम तक गरज व तड़क के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
शुक्रवार को सूरज की तल्खी के बीच पटना में आंशिक तौर पर बादल छाए रहे। इसी कारण अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की ही बढ़ोतरी हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, लेकिन वातावरण में आर्द्रता की मात्रा 39 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक का एहसास होने से भीषण गर्मी महसूस हो रही थी।
कल इन जिलों में हीटवेव की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, नवादा, जमुई, बांका और मधुबनी जिलों में लू चलने की आशंका है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।