आज बिहार के इन जिलों में बारिश, आंधी का येलो अलर्ट; आगे कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather Today: मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार को दिन के पूर्वार्द्ध में गर्मी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बारिश हो सकती है। गुरुवार को जमुई, भागलपुर, नवादा में आंशिक बारिश के प्रबल आसार हैं।

Bihar Weather Today: बिहार में बुधवार को चार डिग्री तक पारा चढ़ा। गुरुवार को भी आंधी-पानी के आसार हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट है। अभी बिहार में कहीं भी अत्यधिक गर्मी जैसी स्थिति नहीं होगी। राज्य में सर्वाधिक तापमान का आंकड़ा तीन मई तक 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार चार मई तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट है। बुधवार को पटना व आसपास इलाकों में धूप-छांव की स्थिति बनी रही। गुरुवार को दिन के पूर्वार्द्ध में गर्मी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बारिश हो सकती है। गुरुवार को जमुई, भागलपुर, नवादा में आंशिक बारिश के प्रबल आसार हैं।
बुधवार को नालंदा, पटना के आसपास, अररिया व वैशाली में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। नालंदा के हिलसा में 1.4 मिमी, पटना के फतुहा में 1.2 मिमी, नालंदा के अस्थावां में 1.2 मिमी, अररिया में एक मिमी, वैशाली में 0.5 मिमी, पटना के दनियावां में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बुधवार को बक्सर, डेहरी को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों के तापमान में वृद्धि
बुधवार को पटना के अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री, गया में 1.2, बांका में 2.6 , बेगूसराय में 3.6 , शेखपुरा में 3.4, नालंदा में 5.3 , भोजपुर में 2.3 डिग्री, दरभंगा में 1.4 , पूर्णिया में 2.4 , किशनगंज में 1.5 डिग्री, वाल्मीकि नगर में 1.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि अधिकतम तापमान में दर्ज की गई।