सभी प्याऊ बंद होने से भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकते रहे राहगीर
लहेरियासराय में डीएम के आदेश पर नगर निगम ने प्याऊ सेवा शुरू की थी, लेकिन सभी प्याऊ बंद हो गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग पानी के लिए परेशान हैं। नगर निगम को जून के अंत तक प्याऊ व्यवस्था करनी...

लहेरियासराय। डीएम राजीव रौशन के आदेश पर नगर निगम ने शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर लोगों को शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्याऊ सेवा का शुभारंभ किया था। सोमवार को ‘हिन्दुस्तान की पड़ताल में सभी जगहों पर प्याऊ बंद मिला। फलस्वरूप खासकर ग्रामीण इलाकों से शहर आए लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकते देखा गया। डीएम के आदेशानुसार दरभंगा नगर निगम को आठ अप्रैल से जून के अंत तक शहर में जगह-जगह प्याऊ की व्यवस्था करनी थी। इस आदेश के बाद नगर निगम ने प्याऊ की व्यवस्था शुरू भी की, लेकिन कुछ दिन बीतते ही सभी प्याऊ को बिना किसी आदेश के बंद कर दिया गया।
फलस्वरूप दूर-दराज से शहर आने वाले लोगों को बोतलबंद पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। इससे खासकर गरीब लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। भीषण गर्मी एवं जल संकट को देखते हुए दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में कुल आठ स्थलों पर आम लोगों के लिए नगर निगम ने प्याऊ की व्यवस्था करनी थी। पड़ताल में पता चला कि दो स्थलों दरभंगा टावर चौक और नाका छह चौक पर प्याऊ की व्यवस्था शुरू ही नहीं की गयी। साथ ही बीते तीन दिनों से लहेरियासराय टावर, आयकर चौराहा और दोनार चौक पर भी प्याऊ बंद है। बाकी बचे तीन स्थलों अललपट्टी चौक, बेंता चौक और लोहिया चौक पर बीते दो दिनों से प्याऊ स्टॉल बंद है। बहेड़ी से आए चंदन यादव ने बताया कि कुछ निजी कार्य से दरभंगा आए थे। यहां सरकारी स्तर पर पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण मजबूरन 20 रुपये में पानी की बोतल खरीदना पड़ा। उन्होंने कहा कि हम लोग गरीब हैं। पीने के लिए प्याऊ की व्यवस्था होती तो पैसा बच जाता। बड़े-बड़े शहरों में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए जगह-जगह पर प्याऊ की व्यवस्था रहती है। उधर, प्याऊ कार्य में पर्यवेक्षक के रूप में कार्यरत नगर निगम के कर्मी संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि इस कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मचारी के छुट्टी पर जाने और रविवार-सोमवार को सरकारी अवकाश के कारण प्याऊ बंद था। बुधवार से सभी सेंटरों का संचालन समय से किया जायेगा। इस संबंध में उप नगर आयुक्त मो. फिरोज ने बताया कि शहर के मुख्य आठ चौक-चौराहों पर जून के अंत तक प्याऊ की व्यवस्था नगर निगम को करनी है। शिकायत मिली है कि कई दिनों से अधिकतर प्याऊ का संचालन बंद है। इस संबंध में प्रतिनियुक्त कर्मियों को तलब कर जांच करवायी जायेगी। दोषियों के विरुद्ध करवाई की जायेगी। साथ ही चिन्हित सभी स्थलों पर लगातार प्याऊ की व्यवस्था करवाई जायेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।