पिंक बस सेवा: शिक्षण कार्य से जुड़ी महिलाएं बनीं बस कंडक्टर
-शहर में महिलाओं और छात्राओं के लिए गुरुवार से चलने लगी पिंक बस -कहा- मुख्यमंत्री
शहर में गुरुवार से महिलाओं और छात्राओं के लिए पहली पिंक बस की सेवा शुरू की गई। बस में कंडक्टर का उत्तरदायित्व संभाल रहीं महिलाएं पहले शिक्षण कार्य से जुड़ी रहीं। गया जी में पहलीबार बसों में महिलाएं कंडक्टर के रूप में काम करेंगी। पहली बार महिला बस का कंडक्टर बनीं महिलाओं में झिझकता के साथ उत्साह था। बिहार राज्य पथ परिवहन डिपो गया जी के क्षेत्रीय प्रबंधक के कार्यालय में पहली ड्यूटी जाने के दौरान हिन्दुस्तान संवाददाता को बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को भी बसों में ड्यूटी करने का अवसर देकर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है।
महिला कंडक्टर सीता कुमारी ने बताया कि पहले बच्चों को पढ़ाती थीं। पुलिस में जाने की काफी इच्छा थी। कुछ अलग और चुनौती पूर्ण कठिन काम करने की ललक रही। महिला बस कंडक्टर में काम करने का अवसर मिला। इस कार्य को सेवा की भावना के साथ काफी निष्ठा पूर्वक निभाउंगी। इनके पति प्रेम कुमार प्राइवेट जॉब करते है। उनके तीन बच्चे हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं। महिला बस कंडक्टर के पद पर कार्य करने आयी सविता कुमारी गया जी शहर के कोइरीबारी मोहल्ले की रहने वाली हैं। विनीता कुमारी डेल्हा, मानसी कुमारी कोच थाने की जायतिया गांव और विभा कुमारी शेरघाटी के गोपालपुर की रहने वाली हैं। महिलाओं ने कहा कि इस नौकरी से पहले बच्चों को पढ़ाती थी। लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला कंडक्टर की नियुक्ति की है। काफी सराहनीय निर्णय है। दो शिफ्ट में पिंक बस का होगा परिचालन बिहार राजपथ परिवहन निगम गया जी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि महिला पिंक बस में ड्राइवर पद पर महिला को ट्रेनिंग दी जा रही है। फिलहाल पुरुष चालक बस का परिचालन कर रहे हैं। कंडक्टर के रूप में पूरी तरह से महिलाओं को ही रखा गया है। शहर में गया जी जंक्शन से केंद्रीय विश्वविद्यालय पंचानपुर और गया जी जंक्शन से मगध विश्वविद्यालय बोधगया तक रिंग बस की सेवा शुरू की गई है। यह दो शिफ्ट में परिचालित होगी। सुबह में 6:00 बजे से 2:00 बजे और शाम में 2:00 बजे से 7:00 बजे तक बस का परिचालन होगा। इन बसों पर महिला कंडक्टरों की ड्यूटी दो शिफ्ट में होगी। 6 से 2:00 बजे तक एक कंडक्टर तथा दो से 7:00 वाली शिफ्ट में दूसरे कंडक्टर की ड्यूटी दी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।