सहरसा-घोघरडीहा के बीच ट्रेन का ट्रायल
सहरसा से घोघरडीहा के बीच बुधवार को अमृत भारत ट्रेन का ट्रायल किया गया। पहले फेज में ट्रेन ने 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ी। हालांकि, झंझारपुर के लिए ट्रायल स्थगित कर दिया गया। इस ट्रेन को 130...
झंझारपुर,निज संवाददाता। सहरसा से घोघरडीहा के बीच बुधवार को अमृत भारत ट्रेन का दो फेज में ट्रायल किया गया। प्रथम फेज में सहरसा से सरायगढ़ के 51 किमी रेल लाइन पर 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से अमृत भारत ट्रेन पटरी पर दौड़ी। फिर सरायगढ़ से घोघरडीहा के बीच 30 किमी पटरी पर 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाई गई। इस दरम्यान सरायगढ़ और निर्मली के बीच अवस्थित कोसी सेतु पर ड्रोन की निगरानी में चलाई गई है। घोघरडीहा के आगे झंझारपुर तक इस ट्रेन का ट्रायल होना था। लेकिन किसी कारण स्थगित कर दिया गया और घोघरडीहा स्टेशन से ही वापस सहरसा के लिए रवाना हो गई। झंझारपुर के स्टेशन मास्टर बिंदेश्वर झा ने बताया गया कि घोघरडीहा से झंझारपुर के बीच ट्रायल स्थगित कर दिया गया है।
ट्रायल के लिए अमृत भारत ट्रेन को सहरसा स्टेशन से बुधवार को 11 बजे रवाना किया गया था और सरायगढ़, सुपौल, निर्मली होकर दिन के दो बजे घोघरडीहा स्टेशन पंहुची। इस ट्रेन के ट्रायल के दौरान इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल इंजीनियरिंग व सिगनलिंग विभाग के अधिकारी मौजूद थे। अमृत भारत ट्रेन 130 किमी प्रति घंटा की गति से चलने की क्षमता रखती है।
दोनों तरफ इंजन की सुविधा के अलावा पुश पुल रैक वाली अमृत भारत ट्रेन में आठ स्लीपर, 11 जनरल, एक पेंट्रीकार, दो एसएलआरडी समेत कुल 22 कोच लेकर ट्रायल किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा झंझारपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम से 24 अप्रैल को वर्चुअल तरीके से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की संभावना जताई जा रही है। लोगों को उम्मीद है कि अमृत भारत ट्रेन कोसी और मिथिलांचल के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि सावित होगी। जो इस इलाके के विकास की रफ्तार को गति देगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।