लापरवाही पर रद्द होगा सफाई एजेंसी का करारनामा
मधुबनी नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए एजेंसी को सख्त चेतावनी दी है। यदि सुधार नहीं हुआ, तो एजेंसी का करार समाप्त किया जाएगा। बकरीद के अवसर पर विशेष सफाई अभियान 5 से 7 जून तक चलाया...

मधुबनी, निज संवाददाता। नगर निगम क्षेत्र में लगातार सफाई व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों और एजेंसी की लापरवाही पर अब नगर निगम प्रशासन सख्त रुख अपनायेगा। शनिवार को नगर निगम में बकरीद और बारिश को देखते हुए बुलाई गई विशेष समीक्षा बैठक में महापौर अरुण कुमार राय ने स्पष्ट कर दिया कि यदि सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो वर्तमान एजेंसी का करारनामा को रद्द कर दिया जायेगा। नगर निगम एकतरफा निर्णय लेते हुए एजेंसी की सेवा समाप्त कर देगा। नगर आयुक्त अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि मिल रही शिकायत, उच्चाधिकारियों के द्वारा दिये गये निर्देश पर एजेंसी को सुधार के लिए सख्त चेतावनी दी गयी है।
यदि शीघ्र ही सुधार नहीं हुए तो कड़ी कार्रवाई होगी। इसदौरान डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान ने सात को होने वाले बकरीद को लेकर विशेष सफाई का प्रस्ताव रखा। जिसके आलोक में निर्णय लिया गया कि पांच, छह और सात जून को शहर में विशेष अभियान चलाया जायेगा। एजेंसी को इसके लिए रोडमैप दिया जायेगा। इसमें लापरवाही होने पर सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में वरीय अधिवक्ता संजय मिश्रा, सशक्त स्थायी समिति सदस्य मो. जमील, बद्री प्रसाद राय, अरुण कुमार, मनीष कुंमार सिंह, अजय प्रसाद, धर्मवीर प्रसाद, प्रकाश पूर्वे, सुरेन्द्र मंडल और अन्य थे। नाले से गाद निकालने का निर्देश: नगर आयुक्त अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि एजेंसी को कई बार दिशा-निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। उच्च अधिकारियों की समीक्षा बैठकों में भी यह मुद्दा बार-बार उठ चुका है। नालियों की गहराई से सफाई, कचरा उठाव और मानसून पूर्व तैयारियों में एजेंसी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं। सभी चिन्हित स्थानों पर चलाएं विशेष अभियान: इसी के मद्देनजर, नगर निगम ने आगामी बकरीद को देखते हुए पांच, छह और सात जून को विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 7 जून को बकरीद के मौके पर ईदगाह और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाएगी, जिसके लिए नगर निगम ने व्यापक सफाई योजना बनाई है। शहर में 25 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां विशेष सफाई की जाएगी। इसमें भौआड़ा, भच्छी, गोआपोखर, सप्ता व अन्य स्थान के मस्जिद व ईदगाह शामिल है। मंगरौनी शेख टोली, कैटोला, खजुरी, सलेमपुर, रांटी, भौआड़ा बड़ी मस्जिद हवाईअड्डा, स्टेडियम अहले हदीस ईदगाह, नई ईदगाह, गोआपोखर भच्छी, बड़ा बाजार मस्जिद, बाटा चौक, हरिनगर मस्जिद, सप्ता, लहेरियागंज, भच्छी, नाजिरपुर ईदगाह व अन्य स्थान शामिल है। होगा भौतिक निरीक्षण: उन्होंने यह भी कहा कि बकरीद जैसे त्योहारों पर सफाई व्यवस्था से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप काम नहीं हुआ तो एजेंसी के खिलाफ अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई तत्काल की जाएगी। बैठक में तय किया गया कि छह जून को शाम तक हर चिन्हित स्थल का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा और सफाई की स्थिति की रिपोर्ट महापौर व नगर आयुक्त को सौंपी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।