10 लाख से अधिक के गबन में डाक सहायक गिरफ्तार
मधुबनी में डाकघर के सहायक संजीव कुमार पासवान को 10 लाख रुपये से अधिक के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद डाकघर में हड़कंप मच गया। विभागीय जांच में अवैध निकासी की पुष्टि हुई थी।...

मधुबनी। डाकघर के विभिन्न खातों से 10 लाख रुपये के अधिक के गबन के आरोप में नगर पुलिस ने प्रधान डाकघर के डाक सहायक संजीव कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को प्रधान डाकघर से संजीव की गिरफ्तारी हुई। गिरफ्तारी के बाद डाक घर में हड़कंप मच गया। नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि कोर्ट उप डाकघर के विभिन्न खातों से 10 लाख से अधिक की अवैध निकासी के मामले में पूर्व उप डाकपाल संजीव कुमार पासवान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित वर्तमान में मधुबनी प्रधान डाकघर में डाक सहायक के पद पर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि मधुबनी पोस्टल डिवीजन के डाक निरीक्षक गौरव कुमार ने नवंबर 2024 में संजीव पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। थानाध्यक्ष के अनुसार, विभागीय जांच में कोर्ट उप डाकघर के विभिन्न खातों से करीब 10 लाख की अवैध निकासी का मामला सामने आया था। संजीव को विभाग ने नोटिस जारी किया। इसके बाद उन्होंने करीब दो लाख रुपए जमा कर दिया। शेष राशि सात लाख 86 हजार 500 रुपये जमा नहीं कराया। बार बार पत्र लिखे जाने के बाद भी बकाया रुपये उसने नहीं जमा कराया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।