जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, दर्जन भर लोग घायल
नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र के उड़सा गांव में जमीन विवाद के चलते शुक्रवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस संघर्ष में कई लोग घायल हो गए और स्थिति गंभीर हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गांव के...

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता हिसुआ थाना क्षेत्र के उड़सा गांव में जमीन विवाद में शुक्रवार को दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते दोनों पक्ष की तरफ से जमकर लाठी, डंडा, लोहे के रॉड और ईंट पत्थर चलने लगे। स्थिति इतनी विकराल हो गई कि कई लोगों का सिर फट गया। दोनों ओर से दर्जन भर से अधिक लोग घायल होकर जमीन पर कराहने लगे। लोगों के बहे खून से समुचा घटना स्थल लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मारपीट में स्वर्गीय तुलसी सिंह के पुत्र सुबोध कुमार, बबन कुमार, वृजनंदन सिंह के पुत्र राज, नवल किशोर सिंह के पुत्र राजीव नयन, संजय कुमार के पुत्र रजनीश कुमार, जागेश्वर सिंह के पुत्र विद्यानंदन सिंह, विद्यानंदन सिंह के पुत्र राहुल कुमार, रोहित कुमार और स्वर्गीय भोला सिंह के पुत्र संजय कुमार जख्मी हो गए। घायलों में वृजनंदन सिंह के पुत्र राज और तुलसी सिंह के पुत्र की हालत गंभीर बताई गई है। हिसुआ अस्पताल पहुंचे सभी घायलों के प्राथमिक उपचार किया गया। वृजनंदन सिंह के पुत्र राज, विद्यानंदन सिंह के पुत्र राहुल कुमार, रोहित कुमार, तुलसी सिंह के पुत्र सुबोध कुमार, सिया शरण सिंह के पुत्र प्रमोद कुमार, योगेंद्र सिंह के पुत्र नवल सिंह, तुलसी सिंह के पुत्र बवन कुमार, योगेंद्र सिंह के पुत्र विद्यानंदन सिंह और नवल किशोर सिंह के पुत्र राजीव नयन को बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर किया गया है। गांव के प्रबुद्ध लोगों के प्रयास से दोनों पक्ष के बीच समझौता का प्रयास जारी है। समाचार प्रेषण तक किसी भी पक्ष ने अभी तक हिसुआ थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।