जीविका के महिला संवाद मंच पर गांव के सर्वांगीण विकास की आकांक्षाएं
पूर्णिया में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 42 जीविका महिला ग्राम संगठनों ने भाग लिया। महिलाएं सरकार की सशक्तीकरण योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर रही हैं और अपनी आकांक्षाएं...

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। महिला संवाद के आयोजन से लोगों की आकांक्षाओं को टटोलने की कोशिश में जुटी सरकार सफल दिख रही है। संवाद कार्यक्रम से छठे दिन आज जिले के 14 प्रखंडों में कुल 42 जीविका महिला ग्राम संगठनों ने महिला संवाद का आयोजन किया। इस आयोजन में महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में शामिल लोग विडियो फिल्म के माध्यम से सरकार के द्वारा चलाये जा रहे महिला सशक्तीकरण के विभिन्न स्कीमों से अवगत हो रहे है। योजनाओं को लेकर उनकी जानकारी में इजाफा हो रहा है। खुले संवाद कार्यक्रम में अपनी मन की आकांक्षाओं को सरकार से साझा कर रही हैं। लोगों की आकांक्षाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा रही है। जिसके आधार पर सरकार इसके समाधान के लिए अपनी नीतियों में इसका समावेशन करेगी। इन आकांक्षाओं पर एक नजर डाला जाय तो गांव में जल निकासी की समस्या सबसे पहले स्थान पर है, कुल 46 महिलाओं ने अपने गांव में जल निकासी की सुविधा बहाल करने की मांग की है। 39 दीदियों ने सरकार से अपने गांव की सड़क को बेहतर बनाने की आकांक्षा व्यक्त की है। 18 महिलाएं स्मार्ट मीटर में बिजली बिल अपेक्षाकृत अधिक आने की बात रखी हैं। वहीं 16 महिलाएं अपने पंचायत में खेल का मैदान चाहती हैं। ग्रामीण परिवेश में सिलाई कढाई अभी भी आमदनी का एक अच्छा माध्यम रहा है। 13 दीदियों ने अपने गांव में सिलाई केंद्र स्थापित करने की मांग रखी हैं। इसी तरह 12 महिलाओं ने अपने पंचायत में सामुदायिक भवन न होने की बात कही। मालूम हो कि जीविका ग्राम संगठन के द्वारा जिले भर में 18 अप्रैल से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभी तक 213 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा चुका है। आज सुबह 9 बजे से 11 बजे के सत्र में बनमनखी के प्रतिभा ग्राम संगठन, धमदाहा के कृष्णा ग्राम संगठन, श्रीनगर के आस्था ग्राम संगठन, बायसी के वर्षा ग्राम संगठन, पूर्णिया पूर्व के कामाख्या ग्राम संगठन, अमौर के किशन ग्राम संगठन, परिश्रम ग्राम संगठन समेत कुल 42 ग्राम संगठनों ने आयोजित किया। समाज में महिलाओं की समुचित भागीदारी के लिए पिछले 20 वर्षों में सरकार द्वारा उठाये गए महत्वपूर्ण कदमों से महिलाओं को लीफलेट के माध्यम से बताया जा रहा है। एलईडी स्क्रीन युक्त महिला संवाद रथ के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं से सम्बंधित कुल तीन फिल्में दिखाई जा रही है जो महिला सशक्तीकरण पर आधारित है। बिहार की महिलाओं के नाम मुख्यमंत्री का सन्देश भी बांटा जा रहा है जिसमें महिलाओं के हित में सरकार द्वारा उठाये गए कदमों का जिक्र है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।