Open Drain and Damaged Roads in Samastipur Cause Frequent Accidents खुले नाले व जर्जर सड़क से लोग परेशान, आंदोलन की दी चेतावनी, Samastipur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsSamastipur NewsOpen Drain and Damaged Roads in Samastipur Cause Frequent Accidents

खुले नाले व जर्जर सड़क से लोग परेशान, आंदोलन की दी चेतावनी

समस्तीपुर के आजादनगर में बीएड कॉलेज के पास खुला नाला और जर्जर सड़कें लोगों के लिए खतरा बन गई हैं। कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। नगर निगम से बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं...

Newswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुरSat, 12 April 2025 11:05 PM
share Share
Follow Us on
खुले नाले व जर्जर सड़क से लोग परेशान, आंदोलन की दी चेतावनी

समस्तीपुर। शहर के सबसे व्यस्त इलाके में आजादनगर शामिल है। यहां बीएड कॉलेज भी है। प्रतिदिन हजारों लोग इस रास्ते आवाजाही करते हैं। यहां खुला नाला व जर्जर सड़क परेशानी का सबब बने हुए हैं। आये दिन लोग खुले नाले में गिरकर घायल हो रहे हैं। कई जगह स्लैब में से लोहा निकला हुआ है। इससे भी हादसे हो रहे हैं। खुले नाले का पानी बीएल काॅलेज के खुले मैदान में बहाया जाता है। इससे वहां रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। नगर निगम के अधिकारी से कई बार शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। समस्तीपुर शहर की सबसे व्यस्त व मुख्य सड़क में शुमार ताजपुर रोड से बीएड कॉलेज जाने वाली सड़क में आजाद चौक मोड़ आमलोगों के लिए डेंजर जोन बना हुआ है। आये दिन इस मोड़ पर दो-चार लोग दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। बीएड कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क में बाईं तरफ खुला नाला है। इसमें गिर कर लोग जख्मी होते रहते हैं। किसी के बाइक का चक्का नाला में फंस जाता है तो कभी चार चक्का गाड़ी वहां लटक जाती है। बीएड कॉलेज व सेंट्रल पब्लिक स्कूल होने से इस रास्ते पर विद्यार्थियों की आवाजाही लगी रहती है। कई वाहनों की आवाजाही भी काशीपुर से आजाद चौक होकर ताजपुर रोड में होती है। इसके कारण अक्सर जाम लगा रहता है। लोगों के बेतरतीब वाहन चलाने से दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। यहां दुर्घटना के शिकार अधिकतर महिलाएं व छात्र होते हैं।

10 अप्रैल को तो हद हो गया। ताजपुर रोड से बीएड कॉलेज रोड की तरफ स्कूटी पर सवार होकर जा रही दो बच्चियां स्कूटी सहित नाला में गिर गईं। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़ कर वहां पहुंचे। उन्हें नाला के अंदर से बाहर निकाला गया। दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गईं थी।

मो. अयूब, राजेश कुमार, कुंदन कुमार व भोला राय ने बताया कि ताजपुर रोड में आजाद चौक से बीएड कॉलेज रोड व आसपास जानेवाली ब्रांच रोड का नाला बहुत पहले बना था। इसके बाद से आज तक नाला का विकास नहीं हुआ। सड़क की स्थिति भी खराब है। इस सड़क पर आजाद चौक मोड़ से आगे तक नाला खुला हुआ है। कई जगह स्लैब नहीं है। अधिकतर जगह पर स्लैब टूटे हुए हैं। टूटे स्लैबों से लोहे के जंग लगी छड़ निकली हुई है। कई स्लैब नाले के अंदर घुसे हुए हैं। खुला नाला होने व स्लैबों के क्षतिग्रस्त रहने से बराबर दुर्घटना होती रहती है। अब तक करीब डेढ़ सौ से अधिक लोग दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। फिर भी नगर निगम के लोग तमाशबीन बने हुए हैं। खुले नाले पर स्लैब नहीं लगाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क को चौड़ी करने व ताजपुर रोड के लेवल में लाने के साथ बंद नाला का निर्माण होने से ही दुर्घटना पर अंकुश लग सकता है। हमलोग मेयर, नगर आयुक्त और वार्ड पार्षद को कहते-कहते थक गए हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब सड़क जाम व नगर निगम के अधिकारियों का घेराव करना ही विकल्प है। मुन्ना राय, सागर पासवान, रमेश पासवान, राज कुमार पासवान, जावेद अख़्तर, संजय कुमार, सुबोध सिंह का कहना है कि नगर निगम बने हुए दो साल हो गए हैं। इससे पहले नगर परिषद ने भी कई टर्म पूरा कर लिया। फिर भी नाले व सड़क की स्थिति अभी तक नहीं सुधरी। बीएड कॉलेज रोड में नाला का नए सिरे से निर्माण करना अब जरूरी हो गया है। इस रूट की सड़क की मरम्मत की आवश्यकता है। ताकि लोगों की आवाजाही सुगम हो और सभी तरह के वाहनों की आवाजाही आसानी से हो सकेे। जाम लगने की नौबत ना आए। आजाद चौक से बीएड कॉलेज होते हुए चित्रगुप्त चौक के निकट तक नाला का निर्माण नहीं हुआ है। नाला जाम रहने से पानी आगे नहीं निकल रहा है। मजबूरन नाले के पानी को बीएड कॉलेज के खाली मैदान में बहाया जा रहा है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी होती है। शिकायत के बाद भी नगर निगम के अधिकारी इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।

आमलोगों की परेशानी को देखते हुए खुले नाले पर नए स्लैब लगाने तथा क्षतिग्रस्त स्लैबों को हटा कर नए स्लैब का निर्माण कराने के लिए मैंने कई बार नगर आयुक्त को लिखा है। फिर भी वे समस्या को टालते रहते हैं। इससे परेशान लोग काफी गुस्से में है। वे सड़क पर उतरने का मन बना रहे हैं। मैं उनकी इस गंभीर समस्या को दूर करने का हरसंभव प्रयास करूंगी।

-रूबी कुमारी, वार्ड पार्षद, वार्ड 33, नगर निगम, समस्तीपुर।

बोले-जिम्मेदार

मुझे आजाद चौक पर नाले में दुर्घटना की जानकारी मिली तो मैंने नगर निगम से दो अधिकारियों को स्थल पर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। स्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। जहां भी नाले पर स्लैब नहीं हैं, उसे चिह्नित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कई कार्य टेंडर की प्रक्रिया में हैं। अन्य जो भी समस्याएं हैं, उनको भी बरसात से पहले ही दूर करा लिया जाएगा। हमारी कई योजनाएं पाइपलाइन में हैं। -केडी प्रोज्जवल, आयुक्त, नगर निगम

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।