आईपीएल 2025 में रोहित शर्मा का फ्लॉप शो जारी, दिल्ली के खिलाफ बनाया सीजन का हाईएस्ट स्कोर
- रोहित शर्मा आईपीएल 2025 में खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। जारी सीजन में मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा पांच मैचों में सिर्फ 56 रन बना पाए हैं।

मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का आईपीएल 2025 में भी खराब फॉर्म जारी है। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 12 गेंद में 18 रन ही बना सके। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में रोहित अच्छी लय में नजर आ रहे थे और मिचेल स्टार्क के खिलाफ कुछ अच्छे शॉट भी खेले लेकिन विपराज निगम ने उन्हें एलबीडब्ल्यू करके पवेलियन भेजा।
मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का आईपीएल 2025 का ये हाईएस्ट स्कोर (18) है। रोहित शर्मा ने मिचेल स्टार्क के ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया और जल्द ही उन्होंने 6 गेंद में 16 रन बना लिए थे। लेकिन अगली पांच गेंद में वह सिर्फ दो रन ही बना सके और फिर विप्रज निगम की गेंद पर स्वीप मारने के प्रयास में एलबीडब्ल्यू हुए।
रोहित शर्मा चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खाता नहीं खोल सके थे और सिर्फ चार गेंद खेलकर आउट हुए। गुजरात टाइटंस के खिलाफ 4 गेंद में आठ रन, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 12 गेंद में 13 रन, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 9 गेंद में 17 रन और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 12 गेंद में 18 रन बनाए। लखनऊ के खिलाफ वह नहीं खेले थे।
तिलक वर्मा के 33 गेंद में 59 रन और नमन धीर की 17 गेंद में 38 रन की आक्रामक पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल के मैच में रविवार को पांच विकेट पर 205 रन बनाए। टूर्नामेंट में अब तक अपराजेय दिल्ली का अपने मैदान अरूण जेटली स्टेडियम पर इस सत्र का यह पहला मैच है । टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण चुनने वाली दिल्ली के लिये कुलदीप यादव ने चार ओवर में 23 और विपराज निगम ने 41 रन देकर दो दो विकेट लिए। मुंबई इंडियंस के लिये सलामी बल्लेबाज रियान रिकेलटन ने 41 और सूर्यकुमार यादव ने 40 रन बनाए।