गुजरात टाइटंस ने पॉइंट्स टेबल में लगाई छलांग, RCB से छीना बादशाहत; टॉप-4 में अब ये टीमें
IPL 2025 Updated Points Table- गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को हराकर पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने आरसीबी से नंबर-1 का ताज छीन लिया है। वहीं मुंबई इंडियंस चौथे नंबर पर है।

IPL 2025 Updated Points Table- शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2025 के 56वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 3 विकेट (DLS) से पटखनी दी। इस जीत के साथ गुजरात ने पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है। शुभमन गिल की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पछाड़ नंबर-1 का ताज हासिल कर लिया है। जीटी की यह 11 मैचों में 8वीं जीत है। आरसीबी और गुजरात के अब बराबर 16-16 अंक है, मगर बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से जीटी टॉप पर हैं। वहीं मुंबई इंडियंस को इस हार से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। टीम अभी भी टॉप-4 में बनी हुई है, हालांकि उनके नेट रन रेट में थोड़ी गिरावट आई है, इसके बावजूद अभी MI का नेट रन रेट टूर्नामेंट में सबसे बेहतर है।
मुंबई इंडियंस ने IPL 2025 में अभी तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिसमें यह उनकी 5वीं हार है। लगातार 6 मैच जीतने के बाद मुंबई को यह हार मिली है। इससे पहले इस सीजन एमआई को 7 अप्रैल को आरसीबी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं बात टॉप-4 की करें तो गुजरात टाइटंस पहले, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे, पंजाब किंग्स तीसरे और मुंबई इंडियंस चौथे नंबर पर है। आईए एक नजर ताजा पॉइंट्स टेबल पर डालते हैं-
IPL 2025 लेटेस्ट पॉइंट्स टेबल
टीम | मैच | जीत | हार | परिणाम नहीं | अंक | नेट रन रेट |
---|---|---|---|---|---|---|
गुजरात टाइटंस | 11 | 8 | 3 | 0 | 16 | +0.793 |
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुर | 11 | 8 | 3 | 0 | 16 | +0482 |
पंजाब किंग्स | 11 | 7 | 3 | 1 | 15 | +0.376 |
मुंबई इंडियंस | 12 | 7 | 5 | 0 | 14 | +1.156 |
दिल्ली कैपिटल्स | 11 | 6 | 4 | 1 | 13 | +0.362 |
कोलकाता नाइट राइडर्स | 11 | 5 | 5 | 1 | 11 | +0.249 |
लखनऊ सुपर जायंट्स | 11 | 5 | 6 | 0 | 10 | -0.469 |
सनराइजर्स हैदराबाद (E) | 11 | 3 | 7 | 1 | 7 | -1.192 |
राजस्थान रॉयल्स (E) | 12 | 3 | 9 | 0 | 6 | -0.718 |
चेन्नई सुपर किंग्स (E) | 11 | 2 | 9 | 0 | 4 | -1.117 |
कैसा रहा मुंबई बनाम गुजरात मैच?
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने विल जैक्स के अर्धशतक की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। जैक्स के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 35 और कोर्बिन बॉश ने 27 रनों की पारी खेली। इन तीनों के अलावा कोई मुंबई का बल्लेबाद दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। गुजरात के लिए साई किशोर ने 2 विकेट चटकाए, वहीं बाकी गेंदबाजों को 1-1 सफलता मिली।
इस स्कोर का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 46 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली। बारिश से बाधित इस मैच में गुजरात ने 19 ओवर में 147 (DLS) रनों को हासिल कर जीत दर्ज की। शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।