आयुष म्हात्रे के बचपन के कोच ने खोला क्रिकेटर की सफलता का राज, किसे दिया क्रेडिट
आईपीएल 2025 के मंच पर कई युवा सितारों का उदय हुआ है। इनमें से एक नाम है आयुष म्हात्रे का। आयुष ने आरसीबी के खिलाफ 48 गेंद में 94 रनों की पारी खेली। आयुष की इस पारी को लेकर उनके बचपन के कोच प्रशांत शेट्टी ने राज खोला है।
आईपीएल 2025 के मंच पर कई युवा सितारों का उदय हुआ है। इनमें से एक नाम है आयुष म्हात्रे का। आयुष ने आरसीबी के खिलाफ 48 गेंद में 94 रनों की पारी खेली। आयुष की इस पारी को लेकर उनके बचपन के कोच प्रशांत शेट्टी ने राज खोला है। शेट्टी ने आयुष की सफलता का राज खोलते हुए सीएसके के बैटिंग को हसी को इसका क्रेडिट दिया है। उन्होंने कहाकि इस 17 साल के युवा की धमाकेदार पारी महज प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं था बल्कि उस व्यवस्था का परिणाम थी जिसने उस पर भरोसा किया। म्हात्रे की 195.83 की स्ट्राइक रेट से नौ चौके और पांच छक्कों से सजी पारी ने मैच का रुख लगभग पलट दिया। दबाव में उनके संयम ने सभी का ध्यान खींचा।
सभी करते हैं सपोर्ट
प्रशांत शेट्टी के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स के बैकरूम स्टाफ, खासतौर पर बैटिंग कोच माइकल हसी के लगातार समर्थन ने म्हात्रे के विकास में अहम भूमिका निभाई है। म्हात्रे के बचपन के कोच प्रशांत शेट्टी ने कहाकि सीएसके शिविर में माहौल बहुत अच्छा है। सभी स्टाफ उसका बहुत समर्थन करते हैं, विशेषकर माइकल हसी। वह अभ्यास में आयुष के साथ नियमित रूप से काम करते हैं और उसे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। शेट्टी ने कहाकि उन्होंने आयुष की बहुत मदद की है। साथ ही महेंद्र सिंह धोनी के शब्द इतने प्रेरणादायी होते हैं। वह सभी का समर्थन करते हैं।
नीलामी में रहे थे अनसोल्ड
मुंबई के इस युवा खिलाड़ी को आईपीएल नीलामी में कोई खरीददार नहीं मिला था। लेकिन सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद उन्हें पहली बार टीम में शामिल किया गया। म्हात्रे ने इस मौके का फायदा उठाते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ़ अपने पदार्पण मैच में 15 गेंद पर 32 रन बनाए। वह चार आईपीएल मैच 40.75 की औसत से 163 रन बना चुके हैं।
तभी मिलेंगे लगातार मौके
शेट्टी ने कहाकि जिस स्ट्राइक रेट से उसने बल्लेबाजी की, वह इस पारी को खास बनाता है। उन्होंने कहाकि मुझे खुशी है कि उसने कल जिम्मेदारी ली और लगभग मैच जीत ही लिया। यह पारी उसकी बहुत मदद करेगी क्योंकि जब आप टीम के लिए खेलते है, तो आपको उस जिम्मेदारी को निभाना होता है और मैच विजेता बनना होता है। तभी फ्रेंचाइजी आपको लगातार मौके देगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।