ये बात समझ नहीं आई...तिलक वर्मा वाले 'कांड' को लेकर मुंबई इंडियंस और पांड्या पर भड़के पूर्व क्रिकेटर
- तिलक वर्मा के रिटायर्ड आउट होने और क्रीज पर मिचेल सैंटनर के आने पर पूर्व क्रिकेटर भड़क गए। मुंबई इंडियंस और कप्तान हार्दिक पांड्या को हरभजन सिंह और हनुमा विहारी ने लपेट दिया। उनकी आलोचना की है।
मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार 4 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक हैरान करने वाला कदम उठाया। मुंबई इंडियंस ने रन चेज के दौरान 19वें ओवर में तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन वापस बुलाया। उनके बाद क्रीज पर मिचेल सैंटनर गए। हालांकि, वह ज्यादा कुछ कर नहीं पाए और टीम हार गई। एमआई के इस फैसले की जमकर आलोचना हो रही है। तिलक वर्मा की जगह मिचेल सैंटनर को भेजने का विकल्प किसी भी स्तर पर जायज नहीं ठहराया जा सकता। अगर तिलक वर्मा की जगह किसी पावर हिटर को बुलाया जाता तो बात अलग होती। यही कारण है कि हरभजन सिंह जैसे दिग्गजों ने इस फैसले की आलोचना की।
मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खिलाया था। उन्होंने 23 गेंदों में 25 रन बनाए। दो चौके उन्होंने लगाए। हालांकि, बड़े शॉट खेलने के लिए वे संघर्ष कर रहे थे। कोशिश उन्होंने की, लेकिन चौके-छक्के नहीं जड़ पाए। वे निराश नजर आए, लेकिन जब वे रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौटे तो हर कोई हैरान था, क्योंकि मुंबई इंडियंस के पास कोई बड़ा मैच फिनिशर नहीं था। तिलक वर्मा के पवेलियन लौटते समय मिचेल सैंटनर क्रीज पर आए। ये देखकर हर कोई हैरान रह गया। ये दूसरा मौका था, जब हार्दिक पांड्या की कप्तानी में किसी खिलाड़ी को रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा।
उधर, इस मसले पर हरभजन सिंह ने एक्स पोस्ट करते हुए मुंबई इंडियंस की आलोचना की और लिखा, "मेरी राय में सैंटनर के लिए तिलक को रिटायर करना एक गलती थी। क्या सैंटनर तिलक से बेहतर हिटर हैं? अगर यह पोलार्ड या किसी अन्य कुशल हिटर के लिए होता तो मैं समझ सकता था, लेकिन मैं इससे सहमत नहीं हूं। कम ऑन मुंबई इंडियंस।"
ऐसा ही कुछ बयान हनुमा विहारी की तरफ से भी आया है। वे तो हार्दिक पांड्या को ही इसका जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्होंने लिखा, "सैंटनर के लिए तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट किया गया? यह बात मेरी समझ में नहीं आई! हार्दिक ने जीटी(गुजरात टाइटन्स) के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन फिर भी रिटायर्ड आउट नहीं हुए! फिर तिलक वर्मा क्यों?" इरफान पठान ने भी यही बात कही है। उन्होंने लिखा, "तिलक वर्मा रिटायर्ड आउट हो गए और सैंटनर आ गए? मुझे समझ नहीं आया। आप लोग क्या सोचते हैं?"
हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 17 गेंदों में 11 रन बना पाए थे। बावजूद इसके उन्होंने खुद को रिटायर्ड आउट नहीं किया। उस मैच में तिलक वर्मा ने 39 रनों की पारी खेली थी। हालांकि, स्ट्राइक रेट वहां भी उनका उतना अच्छा नहीं था, लेकिन बात यह है कि आपको तिलक वर्मा को बैक करना चाहिए था, क्योंकि उनके पास रेंज ऑफ शॉट्स हैं, जो मिचेल सैंटनर के पास नहीं हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।