मिचेल मार्श के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड, IPL में 1000 रन बनाने में लग गए 16 साल; देखें लिस्ट
- जहां मॉर्डन डे क्रिकेटर ऐसा करने के लिए 3 से 4 सीजन लेते हैं, वहीं मिचेल मार्श को ऐसा करने में पूरे 16 साल लगे हैं। जी हां, आपकी जानकारी के लिए बता दें मिचेल मार्श का आईपीएल डेब्यू 2010 में हुआ था।

लखनऊ सुपर जाएंट्स के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श के नाम आईपीएल के इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2025 के 40वें मुकाबले में उन्होंने 45 रनों की पारी खेली। इस पारी के साथ उन्होंने अपने IPL करियर में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। गौर करने वाली बात यह नहीं है कि उन्होंने 1000 रन पूरे किए हैं, बल्कि यह है कि उन्होंने ऐसा करने में कितना समय लिया। जहां मॉर्डन डे क्रिकेटर ऐसा करने के लिए 3 से 4 सीजन लेते हैं, वहीं मिचेल मार्श को ऐसा करने में पूरे 16 साल लगे हैं। जी हां, आपकी जानकारी के लिए बता दें मिचेल मार्श का आईपीएल डेब्यू 2010 में हुआ था।
डेक्कन चार्जर्स (2010) की ओर से डेब्यू करने के बाद मार्श पुणे वॉरियर्स (2011-2013), राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (2016-2017), सनराइजर्स हैदराबाद (2020-2021) और दिल्ली कैपिटल्स (2022-2025) की तरफ से आईपीएल खेल चुके हैं।
बात आईपीएल में सबसे ज्यादा साल के बाद 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की करें तो, मिचेल मार्श के बाद इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के ही मोइसेस हेनरिक्स का नाम है, वहीं लिस्ट में एकमात्र भारतीय राहुल तेवतिया है जो इस सीजन गुजरात टाइटंस की ओर से खेल रहे हैं।
आईपीएल में 1000 रन पूरे करने में सबसे ज्यादा साल
16 - मिशेल मार्श*
13 - मोइसेस हेनरिक्स
12 - राहुल तेवतिया
बात आईपीएल 2025 पॉइंट्स टेबल में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की पोजिशन की करें तो, दिल्ली 10 पॉइंट्स के साथ दूसरे तो इतने ही अंकों के साथ लखनऊ पांचवें पायदान पर है।