हिमाचल में होली के दिन पूर्व विधायक पर हमला, अज्ञात हमलावरों ने दागी गोलियां; पूर्व MLA और PSO घायल
- यह पहला मौका नहीं है जब बम्बर ठाकुर पर गंभीर हमला हुआ हो। इससे सालभर पहले भी उन पर हमला किया गया था। जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए थे। अब एक बार फिर से उन पर हमले की वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

होली के दिन हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में सनसनीखेज वारदात हुई। पूर्व कांग्रेस विधायक बम्बर ठाकुर पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं। इस हमले में वे और उनका निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बिलासपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को होली की धूम के बीच पूर्व विधायक बिलासपुर में पत्नी को आवंटित सरकारी आवास के प्रांगण में अन्य लोगों के साथ होली मना रहे थे, तभी चार लोग आए और गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 12 राउंड फायरिंग की। इस हमले में बम्बर ठाकुर और उनके पीएसओ संजय गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायलों को तुरंत बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगे रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक ठाकुर के पैर में गोली लगी है।

मामले की जानकारी देते बिलासपुर एसपी संदीप धवल ने बताया कि इस हमले में पूर्व विधायक सहित दो लोग घायल हुए हैं। पूर्व विधायक बम्बर ठाकुर को IGMC शिमला और उनके पीएसओ संजय को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी मामले की गहन जांच चल रही है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी जुटाए हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इस वारदात के पीछे आपसी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
सालभर पहले भी हुआ था हमला
यह पहला मौका नहीं है जब बम्बर ठाकुर पर गंभीर हमला हुआ हो। इससे सालभर पहले भी उन पर हमला किया गया था। जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए थे। अब एक बार फिर से उन पर हमले की वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिलासपुर सदर से रह चुके विधायक
बता दें कि बम्बर ठाकुर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और 2012 से 2017 तक बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन करीबी मुकाबले में हार गए थे। इसके बावजूद वे क्षेत्र में सक्रिय राजनीति में बने हुए हैं।
राजनीतिक रंजिश या पुरानी दुश्मनी?
गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस भी इस बात की जांच कर रही है कि हमले के पीछे कोई राजनीतिक रंजिश तो नहीं है। इसके अलावा पुरानी दुश्मनी को लेकर भी छानबीन की जा रही है।
रिपोर्टः यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।