झारखंड में भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के पीछे एक महंगी जमीन, 4 गिरफ्तार
भाजपा नेता अनिल महतो टाइगर की हत्या में रांची पुलिस ने अहम सुराग हाथ लगने के बाद चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

भाजपा नेता अनिल महतो टाइगर की हत्या में रांची पुलिस ने अहम सुराग हाथ लगने के बाद चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी अमन सिंह, जिशान अख्तर, मनीष चौरसिया, अजय कुमार शामिल हैं। मुख्य साजिशकर्ता देवब्रतनाथ शाहदेव और अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे हैं।
रांची पुलिस ने सभी आरोपियों को रांची शहर के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया है। बता दें कि हत्याकांड में शामिल एक आरोपी रोहित वर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस को पहले ही जमीन विवाद में हत्या किए जाने के इनपुट मिले थे। इसी आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने एक दिन पहले मामले में खुलासा करने के संकेत दिए थे।
भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड की जांच में सामने आया है कि वारदात की वजह एक कीमती जमीन का विवाद है। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी बताने से बच रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में गिरफ्तार शूटर रोहित वर्मा ने इस कांड को लोहरदगा में हुई एक हत्या से जोड़ने की कोशिश की। लेकिन जांच में एक जमीन विवाद से संबंधित मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि कांके के ही एक जमीन को लेकर भाजपा नेता का विवाद चल रहा था।

बता दें कि डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा के द्वारा अनिल हत्याकांड के खुसासे के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया था। जांच में जो बात सामने आ रही है उसमें अब हत्याकांड के तार एक जमीन विवाद से जुड़ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार बहुत जल्द ही अनिल हत्याकांड से जुड़े सारे रहस्य से पर्दाफाश हो जाएगा। पुलिस की टीम हत्याकांड से जुड़े असली विवाद तक पहुंच चुकी है।
गौरतलब है कि भाजपा नेता अनिल टाइगर की 26 मार्च को कांके थाना के समीप बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के विरोध में कांके चौक के लोगों ने जाम कर दिया था। इसके अगले दिन 27 मार्च को भाजपा ने रांची बंद करा दिया था।
एक शूटर हो चुका है गिरफ्तारअनिल टाइगर के हत्या के बाद पुलिस ने एक अपराधी को तो आधे घंटे के अंदर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दूसरे अपराधी अमन सिंह की तलाश की जा रही है। अनिल टाइगर की हत्या करने रोहित और अमन नाम के दो शूटर बाइक से कांके चौक पहुचे थे। गोली मार कर फरार होने की कोशिश में लगे दोनों अपराधियों का सामना पुलिस से हुआ। इसके बाद फायरिंग में रोहित को गोली लग गई और वह पकड़ा भी गया था। हालांकि दूसरा शूटर अमन सिंह फरार होने में कामयाब हो गया। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।