धनबाद से लेकर अमेरिका तक प्रताड़ना, एक कार के लिए पत्नी को NRI पति ने मारा; बेटा भी छीन लिया
- एनआरआई पति और उसके घरवालों के खिलाफ भूली की विवाहिता ने सरायढेला थाना में मंगलवार को दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस अब जांच कर रही है।

एनआरआई पति और उसके घरवालों के खिलाफ भूली की विवाहिता ने सरायढेला थाना में मंगलवार को दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। भूली ई ब्लॉक ओल्ड टाइप क्वार्टर निवासी नेहा कुमारी ने आरोप लगाया कि 30 लाख रुपए नकद और होंडा सिटी कार के लिए धनबाद से लेकर अमेरिका तक पति ने उसे यातनाएं दीं।
मामले में सरायढेला थाना में सरायढेला सीएफपीएफ कॉलोनी आनंद टोला निवासी पति नितिन सिंह, ससुर सत्यनारायण चौधरी, सास मीना देवी, भैंसूर पीयूष सिंह और गोतनी पूजा सिंह को आरोपी बनाया गया है। नेहा ने पुलिस को बताया कि 14 दिसंबर 2022 को उनकी शादी नितिन से हुई थी। पिता अरविंद शर्मा ने शादी में 10 लाख रुपए नगद और 15 लाख रुपए का गहना दिया था।
शादी के समय पति अमेरिका में इंजीनियर थे। फिलहाल नौकरी छोड़ कर धनबाद में रहते हैं। शादी के एक महीने बाद से ही दहेज और गाड़ी की मांग को लेकर ससुराल वाले उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। मारपीट और गाली-गलौज किया जाता था। शादी बचाने के लिए अत्याचार और प्रताड़ना सहते रही। पति विवाह के एक महीने बाद अमेरिका चले गए तो ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। नवंबर 2023 में पति उसे लेकर अमेरिका गए थे। वहां भी पति ने मारपीट की। तीन-चार महीने के बाद वह भारत लौट आईं। सितंबर 2024 में उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया। शादी के बाद ही उनके पिता का निधन हो गया था। ससुराल वाले इस बीच मायके से हिस्सा लेने का दबाव बनाते रहे।
ससुराल वालों ने मारपीट कर छीन लिया बेटा
नेहा का आरोप है कि वह अपने ससुराल में ही रह रही थी। सात अप्रैल को उनकी मां शाम साढ़े चार बजे उससे मिलने उनके ससुरालवालों को समझाने के लिए आनंद टोला आई थी। ससुराल वालों ने उन्हें और उनकी मां को कमरे में बंद करके बहुत पीटा। उनके छह माह के बेटे को भी छीन लिया। वह किसी तरह भाग कर सरायढेला थाना पहुंची। पुलिस वालों ने उनका और उनकी मां का इलाज कराया।