डीजे को लेकर 42 लोगों पर दर्ज मामले में विधायक रागिनी सिंह ने डीएसपी व थानेदार से की बात
झरिया में 6 अप्रैल को रामनवमी पर डीजे को लेकर उत्पन्न विवाद में 42 लोगों पर मामला दर्ज किया गया। विधायक रागिनी सिंह ने पुलिस की कार्रवाई को हिंदू विरोधी बताया और कहा कि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया...

झरिया, वरीय संवाददाता। रामनवमी अखाड़ा के दिन 6 अप्रैल को डीजे को लेकर उत्पन्न विवाद में झरिया मेन रोड निवासी श्री श्री महाबली लवकुश दल के अध्यक्ष व विश्व हिंदू परिषद के जिला कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल सहित 42 लोगों पर मामला दर्ज किए जाने का मामला तूल पकड़ते जा रहा है। सोशल मीडिया पर जहां झरिया बंद करने की बात हो रही है। वहीं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लिया और सिंदरी डीएसपी तथा झरिया थानेदार से दूरभाष पर बात की। इसके बाद उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को भी इसकी जानकारी दी है। विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह से हिंदू विरोधी मानसिकता को उजागर कर रहा है। इससे पुलिस की छवि निष्पक्ष नहीं हो रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में न्याय देने की बात कही है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि डीजे बजाया नहीं जा रहा था। डीजे लेकर वाहन जा रहा था। उसको रोकना और जप्त करना कहां तक उचित है। हिंदुओं के पर्व में ही इस तरह का व्यवहार क्यों हो रहा है। तुष्टीकरण की नीति नही चलनी चाहिए। कहा कि अब अगर पुलिस इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के जिला कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल सहित अन्य अभियुक्तों को न्याय नहीं देगी तो भाजपा कार्यकर्ता, अन्य संगठन के लोगों को लेकर जो भी आंदोलन करना होगा करने के लिए बाध्य है। विधायक ने आगे कहा कि रामनवमी भारतीय संस्कृति का पर्व है। उस पर्व में बाधा डालना भी उचित नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है। विहिप नेता पंकज तिवारी ने कहा कि जल्द ही बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। पुलिस को पर्व मनाने वाले के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई करना अनुचित हे। जबकि पता किए थे डीजे नही बजाया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।