लोगों को फैटी लीवर से बचने के लिए अभियान चलाएगा मेडिकल कॉलेज
धनबाद मेडिकल कॉलेज फैटी लीवर की समस्या से बचाने के लिए जांच अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों की निशुल्क जांच की जाएगी और यदि लक्षण पाए जाते हैं, तो निःशुल्क उपचार भी किया जाएगा। इसका...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता तेजी से बढ़ रही फैटी लीवर की समस्या से लोगों को बचाने के लिए धनबाद मेडिकल कॉलेज जांच अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान मेडिकल कॉलेज का बायोकेमिस्ट्री और पैथोलॉजी विभाग मिलकर चलाएगा। यह पहली बार होगा, जब मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक इस तरह की पहल कर रहे हैं।
डॉक्टरों की मानें तो इस अभियान के तहत लोगों की निशुल्क जांच की जाएगी ताकि समय रहते फैटी लीवर की पहचान की जा सके। यदि किसी में इस बीमारी के लक्षण पाए जाते हैं तो अस्पताल में उसका निःशुल्क उपचार भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और लोगों को फैटी लीवर जैसी गंभीर बीमारी से समय रहते आगाह करना है, जिससे की लोग समय रहते सचेत हो सकें और इस समस्या को बढ़ने से रोक सकें। रांची सदर अस्पताल में ऐसी पहल चल रही। उसी की तर्ज पर यहां भी इसकी शुरुआत करने की तैयारी है ताकि आमलोगों को इसका लाभ मिल सके।
तेजी से बढ़ रहा फैटी लीवर की समस्या
डॉक्टरों का कहना है कि बदलती जीवनशैली, अधिक जंक फूड का सेवन, व्यायाम की कमी और अनियमित दिनचर्या के कारण फैटी लीवर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। यह बीमारी शुरुआत में लक्षण नहीं दिखाती। बाद में यह लीवर सिरोसिस या लीवर फेलियर जैसी गंभीर समस्या रूप ले सकती है। समय पर ध्यान देकर लोग इस बड़ी समस्या से बच सकते हैं।
आमलोगों में फैटी लीवर के प्रति जागरुकता बढ़ाने और समय पर समस्या की पहचान के लिए इसकी जांच की तैयार की जा रही है। इसके लिए बायोकेमिस्ट्री के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ एसके वर्मा से बात हुई है। उनका रुख भी सकारात्मक है।
-डॉ राजकुमार सिंह, विभागाध्यक्ष पैथोलॉजी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।